
दक्षिणी कैलिफोर्निया के तट पर शनिवार को 5.0 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया। लॉस एंजिल्स और आसपास के इलाकों में झटके इतने तेज थे कि लोग घबराकर घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप शनिवार सुबह स्थानीय समयानुसार करीब 9:30 बजे आया। इसका केंद्र लॉस एंजिल्स के तटीय शहर मैनहट्टन बीच से लगभग 3.7 मील (करीब 6 किमी) पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में समुद्र के भीतर 7.6 मील की गहराई पर था।
मुख्य भूकंप के बाद भी धरती कांपती रही और कई आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) महसूस किए गए, जिनमें एक झटके की तीव्रता 4.5 तक दर्ज की गई। एक वीडियो में एक महिला अपने बच्चे को गोद में लेती हुई और डरते हुए दिखाई दे रही है।
लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर भूकंप का असर देखने को मिला है। तेज झटकों के कारण लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल की छत से कई टाइलें गिर गईं और कुछ जगहों पर कांच टूट गए। हालांकि, निरीक्षण के बाद विमानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।





