
पेरू के एंडीज क्षेत्र में शुक्रवार को 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। तत्काल किसी नुकसान या हताहत की कोई खबर नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप स्थानीय समय के अनुसार शाम 7:09 बजे आया। इसका केंद्र जुनिन से 34 किलोमीटर उत्तर में एंडीज में था। भूकंप की गहराई 108 किलोमीटर दर्ज की गई। पेरू के भूभौतिकीय संस्थान ने भी किसी नुकसान या हताहत की सूचना नहीं दी।
पेरू की राजधानी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोग सड़कों पर निकल आए। पेरू 'रिंग ऑफ फायर' पर स्थित है, जहां दुनिया के अधिकांश भूकंप आते हैं। अगस्त में पेरू के एंडीज में 6.7 तीव्रता के भूकंप से दो लोग घायल हुए थे। जुलाई में जुनिन क्षेत्र में 5.5 तीव्रता के भूकंप से छह लोगों की मौत और 30 लोग घायल हुए थे।
USGS के अनुसार भूकंप की तीव्रता शुरुआती आकलन में 6.9 दर्ज की गई। इसका केंद्र पास्को प्रांत के सेरो दे पास्को शहर से करीब 36 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। भूकंप धरती के भीतर लगभग 142 किलोमीटर की मध्यम गहराई पर आया। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने इसकी तीव्रता 6.8 बताई, जबकि नागरिक भूकंप-मापी नेटवर्क रास्पबेरी शेक ने इसे 6.5 दर्ज किया। अलग-अलग एजेंसियों के आंकड़ों में अंतर इसलिए है कि शुरुआती डेटा की समीक्षा के बाद तीव्रता, केंद्र और गहराई में संशोधन किया जा सकता है।
निगरानी सेवा के अनुसार झटके केंद्र के आसपास के लगभग सभी लोगों ने महसूस किए। प्रारंभिक आकलन में हल्के से मध्यम नुकसान की आशंका जताई गई है। हालांकि अब तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। भूकंप का केंद्र काफी गहराई में होने के कारण सतह पर इसका असर अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना होती है, लेकिन इतनी तीव्रता के झटके कमजोर इमारतों के लिए खतरनाक हो सकते हैं। पेरू प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है, जहां नाज्का और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों की टक्कर के कारण भूकंप आम बात है।





