भारत

अलीगंज हादसे के बाद सख्ती, 19 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण

SHIDDHANT
24 Jun 2026 9:10 PM IST
अलीगंज हादसे के बाद सख्ती, 19 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण
x
Lucknow लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अलीगंज क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के बाद कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एलडीए के नजूल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सुरक्षा मानकों और मानचित्र संबंधी नियमों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। प्रभाकर सिंह के अनुसार, अलीगंज में हुई घटना के बाद मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फायर सेफ्टी, भवन निर्माण और मानचित्र स्वीकृति से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में बुधवार को कुल 19 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया।
उन्होंने बताया कि जांच की शुरुआत एलन कोचिंग सेंटर से की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जिस भवन में कोचिंग संचालित की जा रही थी, उसका स्वीकृत मानचित्र कार्यालय उपयोग के लिए जारी किया गया था, न कि कोचिंग सेंटर चलाने के लिए। यह नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। एलडीए अधिकारी ने कहा कि संस्थान को शाम 4 बजे तक भवन खाली करने का समय दिया गया था, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित थी। हालांकि कोचिंग सेंटर के संचालकों ने लिखित आश्वासन दिया है कि जब तक सभी आवश्यक मानकों और नियमों का पालन नहीं किया जाता, तब तक संस्थान का संचालन नहीं किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शहर के सभी कोचिंग संस्थानों की जांच जारी रहेगी। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के बाद अन्य कोचिंग संस्थानों में भी हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
Next Story