भारत

मुख्यमंत्री की दुर्गा पूजा से पहले मंत्रियों को सख्त चेतावनी, कहा- कोई रोड ब्लॉक न हो

Nilmani Pal
22 Sep 2022 4:21 PM GMT
मुख्यमंत्री की दुर्गा पूजा से पहले मंत्रियों को सख्त चेतावनी, कहा- कोई रोड ब्लॉक न हो
x
बड़ी खबर

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से पहले मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रियों को सख्त चेतावनी जारी की है। दुर्गा पूजा उत्सव से पहले, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंत्रियों और स्थानीय नेताओं को सड़कों को ब्लॉक नहीं करने की चेतावनी दी। सीएम बनर्जी ने श्रीभूमि में उनके पंडाल का उद्घाटन करते हुए बंगाल के मंत्री सुजीत बोस से यह बात कही। ममता बनर्जी के इस बयान के काफी मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल सुजीत बोस बंगाल की बिधाननगर विधानसभा से विधायक हैं।

पिछले साल बिधाननगर के इसी दुर्गा पूजा पंडाल को दुनिया की सबसे ऊंची इमारत की तर्ज पर बनाया गया था। दुबई की गगनचुंबी इमारत बुर्ज खलीफा की थीम पर डिजाइन किए गए कोलकाता के श्रीभूमि पूजा पंडाल को बाद में बंद कर दिया गया था क्योंकि कुछ पायलटों ने लेजर शो के कारण ध्यान भंग होने की शिकायत की। इस पंडाल को देखने के लिए इतनी ज्यादा भीड़ आ रही थी कि रेलवे तक को कुछ ट्रेनें रद्द करनी पड़ी थीं।
ममता ने गुरुवार को कहा, "मैं सुजीत (बाबू) से अनुरोध करूंगी कि कृपया सुनिश्चित करें कि सड़कें ब्लॉक न हों। ऐसा नहीं होना चाहिए कि भीड़ रोड ब्लॉक कर दे और लोग अपनी फ्लाइट पकड़ने से चूक जाएं। या लोगों को सड़क पार करने में दिक्कत हो। गौरव शर्मा यहां नए आयुक्त हैं। गौरव, अगर ऐसा कुछ होता है, तो मुझे तुरंत बताएं और मैं जो कुछ भी आवश्यक होगा वह करूंगी।"
उन्होंने कहा, "लाखों लोग इस पूजा को देखने के लिए यहां आते हैं। इसलिए, जब आप एक मंत्री हैं तो आपको आम लोगों को भी देखना होगा। यह आपका कर्तव्य है। मैं दुर्गा पूजा के दौरान बहुत अपडेट रहती हूं। जब लोग सड़कों पर घूमते हैं तो मैं उनकी चौकीदार बन जाती हूं। मैं हर जगह की हर अपडेट रखती हूं और क्या हो रहा है इसकी जानकारी रखती हूं। इसलिए मैं हर इंच का अपडेट लूंगी। अगर कोई दुर्घटना होती है तो मेरी भाषा आपके (बाबू) के प्रति बदल जाएगी।" ममता ने गुरुवार को दुर्गा पूजा का उद्घाटन शुरू किया।
Next Story