भारत
इन लोगों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई, रेल मंत्री बोले
jantaserishta.com
20 Oct 2025 8:06 AM IST

x
नई दिल्ली: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को स्पष्ट कहा कि रेलवे से जुड़े फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे वीडियो न फैलाएं, क्योंकि इससे यात्रियों में भ्रम और अफरा-तफरी पैदा होती है.
रेल मंत्री ने दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन का आकस्मिक निरीक्षण किया, ताकि त्योहारों के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जा सके. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन के होल्डिंग एरिया का जायजा लिया और यात्रियों से सीधे बातचीत की. इस दौरान उन्होंने स्टेशन की सफाई और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया.
रेल मंत्रालय के प्रेस नोट के अनुसार रेलवे ने त्योहारों के समय भारी भीड़ के बावजूद यात्रियों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. रेल मंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. रेलवे से जुड़े फर्जी वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है, लोगों से अनुरोध है कि वे ऐसे भ्रमित करने वाले वीडियो शेयर न करें.
निरीक्षण के दौरान रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और सीईओ सतीश कुमार, उत्तरी रेलवे के महानिरीक्षक अशोक कुमार वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे.
अश्विनी वैष्णव ने इससे पहले शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के नए निर्मित होल्डिंग एरिया का निरीक्षण किया था और यात्रियों से सुरक्षा और सुविधाओं के संबंध में बातचीत की थी.
बता दें कि दीपावली और छठ पर्व को लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड जाने वाले यात्रियों की बड़ी भीड़ स्टेशन पर देखने को मिल रही है. ऐसा ही नजारा शनिवार शाम को गुजरात के सूरत में उधना रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला. यहां ट्रेन पकड़कर अपने शहर जाने के लिए यात्रियों को 2 किलोमीटर लंबी लाइन दिखी. ये यात्री विविध साप्ताहिक और स्पेशल ट्रेनों में सफ़र करने के लिए लाइन लगाकर बैठे हुए थे.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





