भारत
त्रि-सेवा समन्वय को मजबूती: नौसेना और तटरक्षक बल के प्रशिक्षुओं का आर्मी एयर डिफेंस सेंटर दौरा
jantaserishta.com
10 Feb 2026 10:23 AM IST

x
नई दिल्ली: राष्ट्रीय सुरक्षा में त्रि-सेवा समन्वय को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के 116 प्रशिक्षुओं ने आर्मी एयर डिफेंस सेंटर एवं आर्मी एयर डिफेंस म्यूजियम का दौरा किया। ये प्रशिक्षु भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस तीर और भारतीय तटरक्षक बल के पोत आईसीजीएस सारथी पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इस दौरे के दौरान प्रशिक्षुओं को सेना की वायु रक्षा प्रणाली के संचालन ढांचे से अवगत कराया गया। उन्हें एकीकृत युद्ध की अवधारणा, संयुक्त प्रशिक्षण की कार्यप्रणाली और आधुनिक वायु रक्षा अभियानों की रणनीतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके माध्यम से भविष्य के सैन्य अधिकारियों को तीनों सेनाओं के बीच तालमेल और समन्वित संचालन की आवश्यकता और महत्व को समझने का अवसर मिला।
इस दौरान प्रशिक्षुओं ने आर्मी एयर डिफेंस म्यूजियम का भी अवलोकन किया, जहां वायु रक्षा कोर की विकास यात्रा, तकनीकी प्रगति और युद्ध संबंधी गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित किया गया है। दौरे के दौरान पेशेवर संवाद और ज्ञान-साझाकरण सत्र भी आयोजित किए गए। इन गतिविधियों ने भविष्य के सैन्य नेतृत्व के बीच पारस्परिक समझ, अंतर-सेवा सहयोग और विभिन्न परिचालन क्षेत्रों के बीच सीखने की प्रक्रिया को मजबूत किया।
भारतीय सेना के अनुसार, इस तरह की पहलें संयुक्तता की भावना को बढ़ावा देती हैं और उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए समेकित युद्ध तैयारी तथा समन्वित प्रतिक्रिया क्षमता को और प्रभावी बनाती हैं। यह प्रयास तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और देश की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





