भारत
अजीब फरमान, बेटे का अंतरजातीय विवाह करने पर मंत्री के बहिष्कार का एलान
jantaserishta.com
7 Dec 2022 2:26 PM IST

x
DEMO PIC
जानें पूरा मामला।
रांची (आईएएनएस)| झारखंड में एक जातीय संगठन ने हैरान करने वाला फरमान जारी किया है। खरवार भोक्ता समाज विकास संघ ने झारखंड सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता और उनके परिवार के बहिष्कार का एलान कर दिया है। मंत्री के पुत्र के अंतजार्तीय शादी हो रही है। जातीय संगठन का इसपर तीव्र एतराज है। उसका कहना है कि मंत्री जातीय परंपराओं को तोड़ रहे हैं। इधर मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने जातीय संगठन के इस फरमान को हास्यास्पद करार दिया है। उन्होंने कहा है कि जो लोग मेरे बहिष्कार का एलान कर रहे हैं, वह खुद समाज से बहिष्कृत लोग हैं। राष्ट्रीय जनता दल से ताल्लुक रखने वाले सत्यानंद भोक्ता चतरा के रहने वाले हैं। वह झारखंड सरकार में श्रम नियोजन एवं कौशल विकास मंत्री हैं। उनके पुत्र मुकेश बैठा की शादी 8 दिसंबर को हो रही है। इसके पहले 7 दिसंबर को वैवाहिक आशीर्वाद समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शिरकत करने वाले हैं।
इधर वैवाहिक कार्यक्रमों के ठीक पहले खरवार भोक्ता समाज विकास संघ ने बैठक कर यह फरमान जारी कर दिया कि मंत्री सत्यानंद भोक्ता के पुत्र की शादी दूसरी जाति की लड़की से करने का फैसला हमारी जाति समाज की परंपराओं पर आघात है। खुद को खरवार भोक्ता समाज विकास संघ का केंद्रीय अध्यक्ष बताने वाले दर्शन गंझू ने बकायदा लिखित तौर पर फरमान जारी कर कहा है कि सत्यानंद भोक्ता के घर-परिवार के लोगों के साथ खरवार भोक्ता जाति के लोग कोई ताल्लुक नहीं रखेंगे। उनके परिवार में होने वाले किसी भी शादी-विवाह, श्राद्ध आदि में इस जाति के लोग भाग नहीं लेंगे। यह भी कहा गया है कि जो लोग इस फरमान का उल्लंघन करेंगे, उन्हें भी जातीय समाज से निकाल दिया जाएगा।
दूसरी तरफ मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा है कि कुछ लोग जाति के नाम पर ठेकेदारी चलाना चाहते हैं। झारखंड में भोक्ता समाज की पहचान वे खुद हैं। हमारे यहां के वैवाहिक समारोह में भोक्ता समाज सहित सभी जाति-धर्म के लोग शिरकत कर रहे हैं।
बता दें कि झारखंड की भोक्ता जाति को भारत सरकार ने हाल में अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की अधिसूचना जारी की है। इसके पहले इसे अनुसूचित जाति का दर्जा हासिल था।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





