भारत

STF का बड़ा खुलासा, कैश कैरियरों को लूटने वाले गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार

SHIDDHANT
8 Nov 2026 8:56 PM IST
STF का बड़ा खुलासा, कैश कैरियरों को लूटने वाले गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार
x
48.45 लाख बरामद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने लूट की कई वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड दिनेश चंद्र यादव समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 48.45 लाख रुपये नकद, एक अवैध पिस्टल, दो कारतूस और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह गिरोह लखनऊ में कैश कैरियरों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देता था। STF की जांच में गिरोह का नाम कई बड़ी लूट की घटनाओं में सामने आया। पुलिस ने सहारा पुल के नीचे क्रिकेट एकेडमी के पास कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कार से टक्कर मारकर करते थे लूट
जांच में सामने आए तरीके के अनुसार, आरोपी स्कूटी से नकदी लेकर जा रहे कैरियरों को अपनी कार से टक्कर मारकर गिरा देते थे। इसके बाद उनके पास मौजूद रुपये लूटकर फरार हो जाते थे। इस तरीके से गिरोह ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कई वारदातों को अंजाम दिया था।
STF के मुताबिक, गिरोह ने विराजखंड सब्जी मंडी के पास 22 लाख रुपये की लूट की थी। इसके अलावा जुलाई महीने में विराटखंड में 45 लाख रुपये लूटने की वारदात भी सामने आई थी। वहीं, आशियाना के सेक्टर-जी इलाके में 1.55 करोड़ रुपये की लूट के मामले में भी गिरोह की संलिप्तता बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 48.45 लाख रुपये बरामद किए हैं। इसके साथ ही अवैध हथियार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। STF अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर लूट की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े बाकी लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
Next Story