भारत

चिकन के रेट पर चाकूबाजी, छात्र को पीटकर नाले में फेंकने का आरोप

SHIDDHANT
20 Sept 2026 11:10 PM IST
चिकन के रेट पर चाकूबाजी, छात्र को पीटकर नाले में फेंकने का आरोप
x
कुछ रुपयों की बहस ने ले ली जान
Jabalpur. जबलपुर। चिकन के दाम को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद जबलपुर में खूनी वारदात में बदल गया। गोराबाजार थाना क्षेत्र के तिलहरी इलाके में चिकन दुकान पर हुए विवाद के बाद एक छात्र की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकानदार और उसके साथियों ने छात्र के साथ मारपीट करने के बाद उसे नाले में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और जबलपुर के पिंक सिटी बिलहरी इलाके में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
चिकन खरीदने पहुंचे थे जीजा-साला
जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह अपने जीजा रूपेंद्र सिंह के साथ चिकन खरीदने के लिए तिलहरी स्थित एक दुकान पर पहुंचा था। रूपेंद्र सिंह भारतीय सेना में नायक के पद पर तैनात हैं और हिसार स्थित 33वीं आर्मर्ड कोर में कार्यरत बताए जा रहे हैं। काफी समय बाद दोनों की मुलाकात हुई थी। इसी दौरान दोनों ने साथ में चिकन पार्टी करने की योजना बनाई थी। वे खंदारी नाले के पास स्थित सिकंदर की दुकान पर चिकन लेने पहुंचे थे।
रेट को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि चिकन के दाम को लेकर अर्जुन और दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआती बहस धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। आरोप है कि दुकानदार सिकंदर ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि हमलावरों ने लाठियों से अर्जुन पर हमला किया। मारपीट में उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
नाले में मिला छात्र
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोराबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खंदारी नाले से अर्जुन को बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
चार आरोपी हिरासत में
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिकंदर समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी निगरानी बढ़ा दी है।
Next Story