भारत
फास्ट फूड स्टॉल पर हुए विवाद में चाकूबाजी, एक युवक की मौत 3 जख्मी
jantaserishta.com
21 Oct 2026 12:41 PM IST

x
वेज रोल के ऑर्डर को लेकर हुए विवाद के बाद चाकूबाजी.
जमशेदपुर: जमशेदपुर के उपनगर आदित्यपुर में फास्ट फूड दुकान पर वेज रोल के ऑर्डर को लेकर हुए विवाद के बाद चाकूबाजी में शेखर तिर्की नामक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
घटना मंगलवार देर रात करीब एक बजे आयडा गेट के सामने स्थित ‘खाऊ गली’ में हुई। पुलिस ने इस मामले में दुकान संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी शेखर तिर्की आदित्यपुर शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में लाइटिंग का काम करने आया था। मंगलवार देर रात वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा गेट के पास एक फास्ट फूड ठेले पर वेज रोल खाने पहुंचा। इसी दौरान ऑर्डर को लेकर शेखर और दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद शेखर और गोलू ने फोन कर दुर्गा पूजा समिति के अन्य सदस्यों को मौके पर बुला लिया। सूचना मिलने पर समिति के सदस्य सन्नी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान विवाद फिर बढ़ गया और चाकूबाजी शुरू हो गई। सन्नी के अलावा बीच-बचाव करने पहुंचे सागर झा और अरुण पांडे पर भी चाकू से हमला किया गया।
इस घटना में शेखर तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। सन्नी, सागर झा और अरुण पांडे भी घायल हुए हैं। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्र में गश्त कर रहे सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिनव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी। दुकान संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज के अनुसार, शुरुआती जानकारी में मामूली विवाद के दौरान यह वारदात हुई है। मामले की तहकीकात की जा रही है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





