भारत

SSB जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी, सुसाइड नोट से खुले राज

SHIDDHANT
19 Aug 2026 7:52 PM IST
SSB जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी, सुसाइड नोट से खुले राज
x
सुसाइड नोट की जांच में जुटी पुलिस
Bhopal भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित सीएसडी कैंप में ड्यूटी पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के 35 वर्षीय जवान ने आत्महत्या कर ली। जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। यह पूरी घटना कमलानगर पुलिस स्टेशन के पास हुई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल में भेजा। कमला नगर पुलिस स्टेशन में एसएचओ निरुपमा पांडे ने बताया कि मृतक की पहचान संदीप खरमाटे के रूप में हुई है। जब जवान ने खुद को गोली मारी थी, तब वो ड्यूटी पर तैनात था। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, संदीप खरमाटे की पत्नी को जवान की मौत के बारे में विभाग के अधिकारियों ने सुबह चार बजे जानकारी दी। जवान की पत्नी ने बताया कि उसकी मंगलवार रात 10 बजे पति से फोन पर बात हुई थी। फोन पर संदीप ने बताया था कि वह अभी ड्यूटी पर है। इसके बाद दोनों के बीच किसी भी प्रकार की बातचीत नहीं हुई थी। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से मराठी में लिखा हुआ सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में क्या लिखा हुआ है। इस बारे में पता लगाने के लिए अनुवाद के लिए भेजा गया है।
एसएचओ ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी से पता लगा है कि जवान ने इस कदम को उठाने को लेकर पत्नी से माफी मांगी और ऐसा करने के पीछे की वजह को निजी बताया। अब पूरी वजह के बारे में तो तभी पता चल पाएगा, जब सुसाइड नोट का पूरी तरह से अनुवाद किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक इस हादसे पर किसी भी प्रकार का बयान सामने नहीं आया है। वहीं, जवान के सहकर्मियों और विभाग के अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस घटनास्थल से बरामद सबूतों की जांच पड़ताल कर रही है।
Next Story