भारत

श्रीनगर हमला: पुलिस मुख्यालय लौट रहे थे जवान, तभी बाइक सवार आतंकियों ने की अंधाधुंध फायरिंग

Nil dhankar
13 Dec 2021 9:56 PM IST
श्रीनगर हमला: पुलिस मुख्यालय लौट रहे थे जवान, तभी बाइक सवार आतंकियों ने की अंधाधुंध फायरिंग
x

श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर पुलिस की बस पर सोमवार शाम आतंकी हमले में 2 पुलिसकर्मी शहीद हो गए. घटना में 12 जवान बुरी तरह घायल हो गए हैं. जेवन इलाके में बाइक सवार आतंकवादियों ने तीनों तरफ से बस को घेरकर फायरिंग की इस वारदात को अंजाम दिया. अब सुरक्षाबलों ने इलाके में पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. हमले पर पीएम मोदी ने दुख जताते हुए पूरी जानकारी मांगी है. जम्मू कश्मीर में इस पुलिस बल को आमतौर पर लॉ एंड ऑर्डर के लिए तैनात किया जाता है, इसलिए इन जवानों को सिर्फ लाठी और ढाल दी जाती है. वहीं, आमतौर पर एक सशस्त्र पुलिसकर्मी उनके साथ गाड़ी में सवार रहता है.

रिपोर्ट के अनुसार, जब पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पूरी करके जेवन स्थित पुलिस मुख्यालय लौट रहे थे, तभी घात लगाकर बाइक सवार आतंकियों ने बस को तीनों तरफ से घेर फायरिंग शुरू कर दी. हथियार न होने से पुलिसकर्मी दहशतगर्दों की इस फायरिंग का जवाब नहीं दे सके. साथ ही, यह बस बुलेट प्रूफ नहीं थी, इसीलिए हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों को बचने का मौका नहीं मिल पाया. माना जा रहा कि रंगरेथ, बांदीपोरा, अवंतीपोरा और त्राल इलाके में आतंकियों के खिलाफ हुई बड़ी कार्रवाई के बाद सुरक्षाबलों पर यह हमला किया गया है. घाटी के इन क्षेत्रों में हाल ही में मुठभेड़ हुई हैं और आतंकी ढेर किए गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, लश्कर या जैश-ए-मोहम्मद गुट के आतंकी इस हमले में शामिल हो सकते हैं.

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया, लगातार हो रही कार्रवाई से आतंकी बौखला गए हैं और हताशा में सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर रहे हैं. हमने सुरक्षाबलों के साथ मिलकर इलाके में आतंकियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, जल्दी ही उनकी पहचान कर मार गिराएंगे.

इन जवानों पर हुई फायरिंग:

1. एएसआई गुलाम हसन - नंबर 861250

2. कांस्टेबल सज्जाद अहमद - नंबर 641एपी9

3. कांस्टेबल रमीज अहमद - नंबर 734 एपी9

4. कांस्टेबल बिशंबर दास - नंबर 129 एपी9

5. एसजीसीटी संजय कुमार - नंबर 458 एपी9

6. एसजीसीटी विकास शर्मा - नंबर 557

7. कांस्टेबलअब्दुल मजीद - नंबर 399 एपी9

8. कांस्टेबल मुदासिर अहमद - नंबर 301 एपी9

9. कांस्टेबल रवि कांत नंबर - 719 एपी9

10. कांस्टेबल शौकत अली - नंबर 434 एपी9

11. कांस्टेबल अर्शीद मोहम्मद - नंबर 518 एपी9

12. एसजीसीटी सफीक अली - नंबर 782 एपी9

13. कांस्टेबल सतवीर शर्मा - नंबर 657 एपी9

14. कांस्टेबल आदिल अली - नंबर 432 एपी9

Next Story