भारत

SP का VIDEO, नेगेटिव किरदारों से सावधान रहने की सलाह दी

jantaserishta.com
18 Nov 2025 10:51 AM IST
SP का VIDEO, नेगेटिव किरदारों से सावधान रहने की सलाह दी
x
वीडियो हुआ वायरल.
देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजीव सुमन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह पुष्पा और केजीएफ फिल्म का जिक्र करते हुए गुंडे-मवालियों को चेतावनी देते नजर आ रहे हैं. एक कार्यक्रम के दौरान मंच से बोलते हुए उन्होंने कहा कि 'पुष्पा झुकेगा नहीं... क्यों, क्योंकि वह हीरो है. वैसा हीरो यदि पुलिस को या मुझे मिल जाए तो लाठी से पीट-पीट कर ठीक कर देंगे.'
बकौल एसपी संजीव सुमन- ये जो केजीएफ वाले रॉकी भाई हैं या दूसरी फिल्मों के विलेन, जितने भी निगेटिव कैरेक्टर्स हैं, इन सबको मीडिया ने पॉजिटिव बना दिया है. सारे चोर-उचक्के आज हीरो बनकर घूम रहे हैं. आलम यह है कि अब सिनेमा में बड़े-बड़े हीरो निगेटिव रोल्स कर रहे हैं, क्योंकि उनको पता है कि आजकल के लड़के/लड़कियों को यही पसंद आ रहा है. जबकि, असल में यदि कोई बच्चा पढ़ाई-लिखाई करने वाला है तो वह लड़ाई-झगड़ा से बचना चाहता है. मगर फिल्मों में उसको एक खराब कैरेक्टर के रूप में दिखाते हैं.
एसपी ने कहा कि एक लड़का जो सिगरेट पीता है, गुंडागर्दी करता है, रोड पर घूमता है... वह कुछ लोगों की नजर में हीरो है. कहीं ना कहीं यह बच्चों के मन में गहरी छाप छोड़ रहा है. पुरुषों के मन में महिलाओं के मन में दोनों के मन में. हमें यह समझना पड़ेगा कि सिनेमा सिर्फ सिनेमा है. सिनेमा असल जीवन नहीं है. इसलिए उससे बचिए. अपने जीवन को खुद सुधारिये. अध्यात्म की ओर जाइये. अपने जीवन में बहुत प्रगति कीजिए. पॉजिटिव बनिए.
आपको बता दें कि देवरिया के भटनी विकासखंड के नोनापार स्थित मणिनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज में श्री मणिनाथ ब्रह्म जयंती का 56वां वर्ष समारोह मनाया गया था. इस कार्यक्रम के दूसरे दिन 17 नवंबर को पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे, जहां इलाके के लोगों के साथ ही कॉलेज के स्टूडेंट्स भी मौजूद थे. इसी दौरान एसपी ने जब माइक संभाला तो उन्होंने फिल्मों में निगेटिव रोल करने वाले हीरो से असल जिंदगी में युवाओं पर हो रहे उसके दुष्प्रभाव व दुष्परिणाम के बारे में जागरूक किया.
एसपी ने कहा कि सिनेमा में जो हीरो हैं, जो नेगेटिव रोल कर रहे हैं, वैसे हीरो उन्हें हकीकत में मिल जाएं तो वे उनको लाठी से ठीक कर देंगे. उन्होंने छात्रों को नसीहत देते हुए कहा कि जीवन में सुधार लाइये. फिल्मी कैरेक्टर के चक्कर में ना पड़ना.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story