
सूरत। सूरत से एक बेहद ही विचलित कर देने वाली खबर सामने आई है. शहर के अलथाण इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार डंपर ने मोपेड सवार युवक को कुचल दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ दिख रही है.
बताया जा रहा है कि हादसा मेट्रो मॉल के पास तड़के हुआ, जब सड़क पर सामान्य रूप से वाहनों की आवाजाही जारी थी. इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर सड़क से गुजरते हुए एक्टिवा सवार युवक को टक्कर मारकर आगे बढ़ गया. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि डंपर की रफ्तार काफी अधिक थी और टक्कर के बाद चालक बिना रुके आगे निकल गया.
मृतक की पहचान 28 वर्षीय जयेशभाई के रूप में हुई है, जो सूरत के गोडादरा इलाके का निवासी था. जानकारी के मुताबिक जयेशभाई रोज की तरह सुबह अपने काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि जयेशभाई को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के तुरंत बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्ट-मार्टम के लिए न्यू सिविल अस्पताल भेज दिया गया.





