भारत

तेज रफ्तार कार ने चार दोस्तों को कुचला, एक की मौत, तीन गंभीर घायल

Shantanu Roy
16 May 2026 2:11 PM IST
तेज रफ्तार कार ने चार दोस्तों को कुचला, एक की मौत, तीन गंभीर घायल
x
इलाके में फैली सनसनी
Bhilwara. भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र के हरिपुरा चौराहे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार कार ने चौराहे पर खड़े चार दोस्तों को कुचल दिया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मोनू, सलमान, संजय और टीपू ईंट भट्टे पर काम करते थे और रोज की तरह शुक्रवार रात हरिपुरा चौराहे पर स्थित एक थड़ी के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने नियंत्रण खोते हुए चारों को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद शुरू की। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को मांडल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद मोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि सलमान, संजय और टीपू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक मोनू के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक तथा वाहन की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। हादसे के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल है, जबकि परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
Next Story