
x
वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में नवरात्रि से पहले एक विशेष गरबा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। वडोदरा नगर निगम की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को ‘विकसित भारत संकल्प गरबा’ नाम दिया गया है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गरबा कलाकार अतुल पुरोहित अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजन को ‘विकसित भारत 2047’ के संदेश से जोड़ा गया है।
कार्यक्रम यूनाइटेड वे गरबा ग्राउंड पर आयोजित किया जाएगा। वडोदरा नगर निगम, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र और यूनाइटेड वे ऑफ बड़ौदा इस आयोजन से जुड़े हैं। नागरिकों के लिए इसमें प्रवेश निशुल्क रखा गया है, लेकिन प्रतिभागियों को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड सत्यापन लिंक के जरिए पंजीकरण कराना होगा।
अतुल पुरोहित के गीतों पर होगा गरबा
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अतुल पुरोहित की लाइव प्रस्तुति होगी। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ गरबा करने का रिकॉर्ड बनाने का प्रयास भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ नागरिक भागीदारी को जोड़ना है।
‘विकसित भारत संकल्प गरबा’ को चार प्रमुख विषयों पर केंद्रित किया गया है। इनमें वडोदरा की सांस्कृतिक विरासत, स्वच्छता, नारी शक्ति और विकसित भारत 2047 का संकल्प शामिल है। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को स्वच्छ वडोदरा की शपथ भी दिलाई जाएगी।
वडोदरा की विरासत भी होगी केंद्र में
कार्यक्रम में वडोदरा की पहचान से जुड़े बरगद के पेड़ यानी ‘वड’ को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। शहर के नाम को इसी ‘वड’ से जोड़कर देखा जाता है। इस प्रस्तुति में युवाओं की भागीदारी भी रखी गई है, ताकि शहर की विरासत और नई पीढ़ी के बीच संबंध को रेखांकित किया जा सके।
इसके अलावा महिला शक्ति पर आधारित एक विशेष खंड भी कार्यक्रम का हिस्सा होगा। नवरात्रि के दौरान शक्ति की आराधना की परंपरा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के योगदान और भागीदारी को प्रमुखता दी जाएगी।
विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित लोग ‘विकसित भारत 2047’ के लिए सामूहिक संकल्प लेंगे। वडोदरा नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि संस्कृति, नागरिक जिम्मेदारी और विकास के संदेश को एक साथ प्रस्तुत करना है।
नगर निगम आयुक्त अरुण महेश बाबू सहित भाजपा पदाधिकारी और अन्य आमंत्रित अतिथि कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। आयोजन के जरिए नवरात्रि से पहले वडोदरा में बड़े स्तर पर सांस्कृतिक माहौल तैयार करने की योजना है।
Next Story





