
x
सुरक्षा से लेकर खानपान तक बदले नियम
Varanasi वाराणसी: पवित्र श्रावण मास को देखते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन के दौरान स्टेशन परिसर को पूरी तरह ‘नॉनवेज मुक्त क्षेत्र’ रखा जाएगा। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्टेशन पर लगाए गए 183 हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी की जाएगी। इस वर्ष सावन 28 अगस्त तक चलेगा। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। अनुमान है कि सावन के दौरान करीब 65 से 70 लाख श्रद्धालु काशी पहुंच सकते हैं।
वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के स्टेशन डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि पूरे सावन महीने में स्टेशन परिसर में नॉनवेज खाद्य पदार्थों की बिक्री और लाने पर रोक रहेगी। उन्होंने बताया कि स्टेशन के चार फूड पॉइंट और छह फास्ट फूड यूनिट में पहले से ही नॉनवेज बनाने और बेचने की अनुमति नहीं है। अब स्टेशन परिसर के बाहर से भी नॉनवेज खाद्य सामग्री लाने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने सभी फूड स्टॉल संचालकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्टेशन पर अत्याधुनिक वॉर रूम बनाया गया है, जहां से सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। भीड़ प्रबंधन, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें लगातार तैनात रहेंगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
Next Story





