भारत

स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया IGMC में भर्ती, विंटर सेशन के दौरान नासाज हुई थी तबीयत

Shantanu Roy
23 Nov 2026 5:34 PM IST
स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया IGMC में भर्ती, विंटर सेशन के दौरान नासाज हुई थी तबीयत
x
Shimla. शिमला। हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की तबीयत बिगडऩे के बाद उन्हें सोमवार सुबह इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आईजीएमसी में भर्ती करवाया गया। वह पिछले कई दिनों से बुखार से पीडि़त थे। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान भी उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। सत्र समाप्त होने के बाद वह शिमला पहुंचे, लेकिन बुखार ठीक न होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष को बुखार की शिकायत है। उनके स्वास्थ्य की जांच के लिए चिकित्सकों ने जरूरी टेस्ट करवाए हैं और जांच रिपोर्ट को आगे की पड़ताल के लिए भेजा गया है। फिलहाल उन्हें मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। बुखार के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।


जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आईजीएमसी के डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ प्रवीण एस भाटिया ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को बुखार की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी आवश्यक जांच की गई है और इन्वेस्टिगेशन के लिए रिपोर्ट भेजी गई हैं। चिकित्सक उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आईजीएमसी पहुंचे और उनका कुशल-क्षेम जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी करसोग के विधायक दीपराज के साथ आईजीएमसी पहुंचे। इन्होंने भी अस्पताल में कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके साथ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री भी आईजीएमसी पहुंचे और उनका हाल जाना।
Next Story