भारत
ब्रिक्स सम्मेलन में अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक पर चर्चा, भारत ने दोहराई अपनी प्रतिबद्धता
jantaserishta.com
3 Jun 2025 2:13 PM IST

x
ब्रासीलिया: भारत ने ब्राजील में आयोजित संचार मंत्रियों की बहुपक्षीय बैठक में ब्रिक्स देशों के साथ लंबे समय से चली आ रही कूटनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। केंद्रीय ग्रामीण विकास और संचार राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने ब्राजील में 11वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए आधार से यूपीआई तक की डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) की उपलब्धियों को रेखांकित किया, जो अब समावेशी तकनीकी विकास के लिए वैश्विक मॉडल बन चुका है।
उन्होंने सोमवार को ब्रासीलिया में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चार प्रमुख क्षेत्रों, यूनिवर्सल और सार्थक कनेक्टिविटी, अंतरिक्ष और पर्यावरणीय स्थिरता और डिजिटल इकोसिस्टम में भारत की प्रगति को साझा किया।
दरअसल, ब्रिक्स में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया और सऊदी अरब समेत 11 देश शामिल हैं। पेम्मासानी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "ब्राजील के साथ स्मार्ट और सुरक्षित भविष्य के लिए डिजिटल संबंधों को मजबूत करने हेतु उपयोगी द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसके अलावा, स्वदेशी 4जी/5जी विकास, घरेलू विनिर्माण और 6जी, क्वांटम टेक्नोलॉजी, सैटकॉम में सहयोग पर चर्चा की। ब्राजील के 6 गीजाहर्ट ट्रायल, सैटकॉम जरूरतों, टेलीकॉम सुरक्षा और वैश्विक डीपीआई सहयोग पर भी बात हुई।"
उन्होंने ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक के दौरान दक्षिण अफ्रीका के समकक्ष मंत्री के साथ भी रचनात्मक बातचीत की और वैश्विक मंचों पर उनके निरंतर समर्थन की सराहना की। दोनों पक्षों ने डिजिटल डिवाइड को कम करने के लिए कौशल विकास, यूपीआई-आधारित कैशलेस भुगतान प्रणाली सहित डिजिटल बैंकिंग, और डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।
इसके साथ ही उन्होंने बहुपक्षीय प्लेटफार्मों पर अधिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया और डिजिटल साझेदारी को मजबूत करने के लिए हर संभव समर्थन का आश्वासन दिया।
केंद्रीय ग्रामीण विकास और संचार राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह बैठक बहुत सफल रही। इसमें लगभग 10 देशों ने हिस्सा लिया और सभी ने अपने अनुभव साझा किए और एक-दूसरे से सीखा। कुल मिलाकर अन्य देशों की तुलना में भारत ने 4जी और 5जी कनेक्टिविटी बढ़ाने, फाइबर ऑप्टिक्स बिछाने, टेलीकॉम धोखाधड़ी रोकने और सैटेलाइट सुधारों में शानदार काम किया है। लोगों ने भारत के प्रगतिशील और गतिशील दृष्टिकोण की सराहना की।"
2 जून को ब्रासीलिया में ब्राजील की अध्यक्षता में ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक हुई, जिसमें यूनिवर्सल और सार्थक कनेक्टिविटी, अंतरिक्ष और पर्यावरणीय स्थिरता और डिजिटल इकोसिस्टम पर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य एक खुला, समावेशी, नवाचार-प्रधान, विकास-उन्मुख, समान और टिकाऊ डिजिटल भविष्य के लिए सहयोग को मजबूत करना था।
इस बीच, कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में भारत का एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत ब्राजील पहुंचा। चंद्रशेखर पेम्मासानी ने आईएएनएस से बात करते हुए थरूर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल की सराहना भी की।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





