
x
चंदौली। मुगलसराय रामलक्ष्मी पैलेस में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की प्रेसवार्ता में सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि इंडिया गठबंधन के निर्णय और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी मतदाता अधिकारों के मुद्दे पर सड़क से दिल्ली तक आंदोलन करेगी। उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के सांसद दिल्ली में मार्च निकालेंगे।
सांसद ने कहा कि मतदाता सूची में नाम होना नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के तहत फॉर्म-7 के माध्यम से चंदौली जिले में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने के प्रयास किए गए। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग करते हुए चुनाव प्रक्रिया में सॉफ्टवेयर की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
वीरेंद्र सिंह के अनुसार दिल्ली में सांसद महात्मा गांधी की प्रतिमा और अंबेडकर पार्क से मार्च निकालकर चुनाव आयोग तक जाएंगे और ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी रखी।
2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सीटों को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव चिह्न पर लड़ने की स्थिति में गठबंधन स्पष्ट होगा और दोनों दल एक-दूसरे के प्रत्याशियों का समर्थन करेंगे। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, विधायक प्रभु नारायण समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे
Next Story





