भारत

सपा नेता की डेंगू से मौत, लखनऊ के निजी अस्पताल में केपी यादव ने ली अंतिम सांस

Deepa Sahu
31 Aug 2021 5:39 PM GMT
सपा नेता की डेंगू से मौत, लखनऊ के निजी अस्पताल में केपी यादव ने ली अंतिम सांस
x
सपा नेता व पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री केपी यादव की डेंगू से मौत हो गई।

सपा नेता व पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री केपी यादव की डेंगू से मौत हो गई। उन्हें गंभीर अवस्था में सोमवार शाम को शहीद पथ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने मरीज को आईसीयू में भर्ती किया था। डायलिसिस भी की थी।

जौनपुर निवासी केपी यादव को बीते कई दिनों से बुखार था। उन्होंने जौनपुर के स्थानीय अस्पताल में जांच कराई जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई। परिजनों ने इलाज शुरू कराया। इलाज के बावजूद मरीज की तबीयत बिगड़ती चली गई। गंभीर अवस्था में सोमवार को उन्हें मेदांता की इमरजेंसी में भर्ती किया गया। हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के मुताबिक डेंगू की वजह से वह शॉक में चले गए थे। चिकित्सा विज्ञान में इसे डेंगू शॉक सिंड्रोम कहते हैं।
उन्होंने बताया कि शॉक में जाने से उनके अंगों ने काम करना धीरे-धीरे बंद कर दिया था। शुगर का स्तर भी शरीर में बढ़ गया था। गुर्दों पर असर था। डायलिसिस भी की गई। विशेषज्ञ डॉक्टरों की देख-रेख में इलाज चल रहा था। मंगलवार को इलाज के दौरान केपी यादव की सांसें थम गईं। डेंगू मरीज की जानकारी छिपा रहे प्राइवेट अस्पताल
बारिश के साथ ही डेंगू का प्रकोप बढ़ गया है। बड़ी संख्या में लोग डेंगू की चपेट में आ रहे हैं। लखनऊ के कई प्राइवेट अस्पतालों में डेंगू मरीज भर्ती हैं। डॉक्टर इलाज तो कर रहे हैं लेकिन डेंगू मरीजों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग से साझा करने में कतरा रहे हैं। डेंगू मरीजों की जानकारी सीएमओ दफ्तर को भेजी होती है। बहुत से प्राइवेट अस्पताल डेंगू मरीजों का इलाज कर रहे हैं। इसमें गोमतीनगर के निजी अस्पताल शामिल हैं। गोमतीनगर विस्तार स्थित निजी अस्पताल में भी मरीजों का इलाज चल रहा है। इंदिरानगर, आईटी व चौक के निजी अस्पताल में डेंगू पीड़ित भर्ती हैं। इन अस्पतालों में प्रदेश भर से मरीज आ रहे हैं। पर, सीएमओ कार्यालय में एक भी डेंगू मरीज की जानकारी नहीं दी गई है।
Next Story