भारत

घोसी उपचुनाव के शुरुआती 5 राउंड में सपा आगे

jantaserishta.com
8 Sep 2023 5:59 AM GMT
घोसी उपचुनाव के शुरुआती 5 राउंड में सपा आगे
x
मऊ: उत्तर प्रदेश की मऊ स्थित घोसी सीट के उपचुनाव में मतगणना जारी है। लगातार पांचवें राउंड में सपा के सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह को पछाड़ा है। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार सुधाकर सिंह को पांचवें राउंड में 18,946 वोट मिले हैं, जबकि दारा सिंह को 11,927 वोट मिले हैं। विधानसभा सीट उपचुनाव की मतगणना में समाजवादी पार्टी ने लगातार बढ़त बना रखी है।
चौथे राउंड के बाद सपा के सुधाकर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है। चौथे राउंड तक सपा के सुधाकर सिंह को 14,286 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा के दारा सिंह चौहान को 10,219 वोट प्राप्त हुए हैं। सपा के सुधाकर सिंह 4067 वोटों से आगे चल रहे थे। काउंटिंग एजेंट बने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में सपा पर चुटकी ली। उनसे जब पूछा गया कि सपा तो अभी से जीत का जश्न मना रही है तो उन्होंने कहा कि सपा की आदत है शुरू में जश्न मनाने की और हल्ला मचाने की। बाद में जीतती भाजपा ही है और यहां भी भाजपा के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान की बड़ी जीत होने जा रही है। अभी तो शुरुआती रुझान ही है।
काउंटिंग के लिए 14 टेबल बनाए गए हैं। इसमें 19 टीमें काउंटिंग करेंगी। कुल 32 राउंड काउंटिंग होगी। घोसी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना तय समय सुबह आठ बजे से शुरू गई। सपा विधायक का पद त्याग कर भाजपा से विधायक बनने की फिराक में लगे दारा सिंह चौहान विधानसभा पहुंचेंगे या सपा के सुधाकर सिंह बिगाड़ेंगे खेल, यह थोड़ी देर में तय हो जाएगा।
घोसी विधान सभा उपचुनाव का परिणाम एनडीए व विरोधी दलों के इंडिया गठबंधन का भविष्य तय करेगा। कलेक्ट्रेट परिसर के प्रथम व द्वितीय तल पर 14 टेबलों पर मतों की गिनती हो चुकी है। इसके लिए 19 मतगणना टीमें लगाई गई हैं। साथ ही तीन टीमें रिजर्व रखी गई हैं। काउंटिंह को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर की पूरी तरह से नाकेबंदी की गई है।
गौरतलब हो कि घोसी उपचुनाव के नतीजे पर न केवल जिलेवासियों की बल्कि पूरे देश की नजरें टिकी हैं। कहने को तो यह केवल उपचुनाव है लेकिन जिस तरह से यहां दो गठबंधन एनडीए और इंडिया के बीच मुकाबला है, उसने इस चुनाव को आम से खास बना दिया। जो भी इस चुनाव में जीत हासिल करेगा, वो कई मायने में एक सफल विजेता होगा।
Next Story