भारत

साउथ कोरियाई नागरिक की चाकू मारकर हत्या, लिव-इन पार्टनर हिरासत में

SHIDDHANT
4 Jan 2026 9:55 PM IST
साउथ कोरियाई नागरिक की चाकू मारकर हत्या, लिव-इन पार्टनर हिरासत में
x
शराब के नशे में झगड़ा
Noida नोएडा : नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइडवे सोसायटी में शनिवार देर रात एक शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद जानलेवा साबित हो गया। पार्टी के दौरान हुए झगड़े में साउथ कोरिया के एक नागरिक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना से हाईप्रोफाइल सोसायटी में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मृतक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात नॉलेज पार्क थाना पुलिस को जिम्स अस्पताल से मेमो के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक विदेशी नागरिक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच में मृतक की पहचान डक ही यु के रूप में हुई है, जो साउथ कोरिया का रहने वाला था। वह लंबे समय से ग्रेटर नोएडा में रहकर निजी कार्य कर रहा था और वर्तमान में सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइडवे सोसायटी के एक फ्लैट में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय फ्लैट में शराब पार्टी चल रही थी। मृतक और उसकी लिव-इन पार्टनर लुलजिना पमाई, जो मणिपुर की रहने वाली बताई जा रही है, दोनों ने शराब का सेवन किया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह कहासुनी झगड़े में बदल गई। शराब के नशे में हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर युवती ने चाकू से विदेशी नागरिक पर हमला कर दिया। चाकू लगने से डक ही यु गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी युवती ही उसे घायल अवस्था में जिम्स अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया है। नॉलेज पार्क थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि विवाद की असली वजह क्या थी और घटना पूरी तरह शराब के नशे में हुई या इसके पीछे कोई और कारण भी मौजूद है। इस वारदात के बाद एटीएस पायस हाइडवे जैसी हाईप्रोफाइल सोसायटी में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story