
x
Solan. सोलन। दशहरा उत्सव के दौरान सोलन शहर में वाहनों की बढ़ती आवाजाही के कारण लोगों को लंबे जाम से जूझना पड़ा। शहर की सडक़ों पर वाहनों का दबाव बढऩे से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और कई स्थानों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। त्योहार के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही बढऩे और वाहनों की संख्या में इजाफा होने से शहर की यातायात व्यवस्था को संभालना पुलिस के लिए चुनौती बन गया। अब आगामी त्योहार सीजन को देखते हुए जिला पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। त्योहारों के दौरान सोलन के बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन सडक़ों के किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे सडक़ की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है।
कई बार बेतरतीब पार्किंग के कारण दूसरे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और देखते ही देखते जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में आम लोगों के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों और बाहर से आने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। आगामी त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस शहर के विभिन्न हिस्सों में वाहनों की आवाजाही और भीड़भाड़ को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार कर रही है। इससे पुलिस को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर नजर रखने और यातायात को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य माध्यमों से भी शहर की गतिविधियों पर नजर रखने की योजना है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाले और नियमों की अनदेखी कर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सडक़ किनारे गलत तरीके से पार्क किए गए वाहन जाम का प्रमुख कारण बनते हैं। ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता है।
Next Story





