
x
सोने की चेन लूटने वाले गैंग का अंत
Bangal बंगाल: पश्चिम मेदिनीपुर जिले में पुलिस ने लगातार हो रही लूट और स्नैचिंग की वारदातों के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। खड़गपुर शहर में लंबे समय से सक्रिय एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किए हैं। पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक (SP) पापिया सुल्ताना ने बताया कि खड़गपुर शहर में पिछले कुछ समय से स्नैचिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। बदमाश राह चलते लोगों को निशाना बनाकर सोने की चेन और अन्य कीमती सामान छीनकर फरार हो जाते थे।
एसपी पापिया सुल्ताना ने कहा कि जब भी पुलिस मीडिया से बात करती थी, तो सबसे बड़ा सवाल यही होता था कि खड़गपुर में इतनी ज्यादा स्नैचिंग की घटनाएं कैसे हो रही हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस भी इस स्थिति को लेकर चिंतित थी और लगातार जांच कर रही थी। उन्होंने कहा कि काफी प्रयासों के बाद पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को पकड़ा है, जो लगातार चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच के दौरान पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े छह मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के घर से चार सोने की चेन बरामद की हैं, जबकि दो अन्य चेन उस स्थान से बरामद की गई हैं, जहां आरोपियों ने चोरी के आभूषण बेचे थे। पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह के तार और किन लोगों से जुड़े हैं और क्या इसमें अन्य आरोपी भी शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, सूचना तंत्र और लगातार निगरानी के आधार पर इस गिरोह तक पहुंचने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य घटनाओं और गिरोह के नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल सके। खड़गपुर शहर में लगातार हो रही स्नैचिंग की घटनाओं से आम लोगों में चिंता का माहौल था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लोगों को राहत मिली है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद किए गए आभूषणों की कीमत और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पश्चिम मेदिनीपुर पुलिस ने साफ किया है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
Next Story





