भारत

ट्रेन में 12 लाख के कछुओं की तस्करी, बैग खोलते ही पुलिस रह गई हैरान

jantaserishta.com
13 Oct 2026 9:19 AM IST
ट्रेन में 12 लाख के कछुओं की तस्करी, बैग खोलते ही पुलिस रह गई हैरान
x
पढ़ें पूरी खबर.
वाराणसी: वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने कछुआ तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए 24 जीवित दुर्लभ प्रजाति के कछुए बरामद किए हैं. इनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है. आरोपी इन कछुओं को ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल ले जा रहा था. पुलिस टीम को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया. बरामद कछुओं को वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया है.
जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर के मुताबिक वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर चेकिंग और गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 13038 कुंभा एक्सप्रेस के जनरल कोच में कछुओं की तस्करी की जा रही है. सूचना मिलते ही जीआरपी की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म नंबर 9 पर पहुंची. ट्रेन के रुकते ही जनरल कोच में तलाशी शुरू की गई. इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया.
पूछताछ में आरोपी की पहचान मोनू कंन्जड़ (करीब 20 वर्ष), निवासी गांधीनगर, थाना जगदीशपुर, जिला अमेठी के रूप में हुई. उसके पास मौजूद दो पिट्ठू बैग, एक जूट की बोरी और एक झोले की तलाशी ली गई तो उनमें से 24 जीवित इंडियन सॉफ्टशेल टर्टल मिले. इनमें छह बड़े और 18 छोटे आकार के कछुए शामिल थे.
जीआरपी के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह उत्तर प्रदेश के जगदीशपुर, सुल्तानपुर और अमेठी के गांवों में स्थित तालाबों से कछुए पकड़कर बिक्री के लिए पश्चिम बंगाल ले जा रहा था. जीआरपी ने मामले की सूचना वन विभाग को दी. इसके बाद बरामद सभी 24 कछुओं और आरोपी को वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया. वन विभाग के मुताबिक, इन कछुओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है.
जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर के अनुसार, बरामद कछुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में शामिल हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई वन विभाग की ओर से की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद कछुआ तस्करी के नेटवर्क और वन्यजीवों को अवैध रूप से पकड़कर दूसरे राज्यों में ले जाने के मामले पर भी सवाल खड़े हुए हैं.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story