भारत
विपक्षी दलों की बैठक पर बोलीं स्मृति ईरानी- कांग्रेस ने मान लिया कि वह अकेले मोदी को हराने में नाकाम
jantaserishta.com
23 Jun 2023 12:25 PM IST

x
फाइल फोटो
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पटना में विपक्षी दलों की बैठक को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि आज कांग्रेस की छत्रछाया में कुछ ऐसे नेता एकत्र होंगे जिन्होंने आपातकाल के समय में लोकतंत्र की हत्या का नजारा स्वयं देखा था। भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए स्मृति ईरानी ने कांग्रेस की हालत पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सार्वजनिक तौर पर यह घोषित कर दिया है कि कांग्रेस अकेले नरेंद्र मोदी को हराने में नाकाम है और उन्हें सहारे की जरूरत है। उन्होंने अन्य विपक्षी दलों पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि आज वे नेता एकत्र हो रहे हैं जो स्वयं मोदी के सामने विफल हैं।
राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि ताकत अब महल से निकलकर जनता के पास आ गई है। इसलिए जो लोग सिर्फ अपनी विरासत पर राजनीतिक घमंड करते हैं, आज उनको चल कर उन लोगों के सामने जाना पड़ता है, जिनको एक दिन आपातकाल के समय उन्होंने जेल की सलाखों के पीछे छोड़ा था। लेकिन गए भी तो कहां गए जो लोग एक पुल नहीं बना सकते हैं वह डेमोक्रेटिक ब्रिज क्या खाक बना पाएंगे? उन्होंने आम आदमी पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि जनता इस बात से सचेत हो रही है कि जो लोग विकास के संकल्प के साथ एकजुट ना हो पाए, वे ब्लैकमेल का रास्ता अख्तियार कर रहे हैं। जो विकास का संकल्प लेकर एकजुट ना हो पाए, वे आपातकाल की छत्रछाया में एकजुट हो रहे हैं। एक नेता घर से निकलते कह रहा है कि पता नहीं वहां क्या होगा? दूसरा नेता कह रहा है जो होगा देखा जाएगा। तीसरा नेता कह रहा है कि मेरा नहीं देखोगे तो कुछ नहीं देखा जाएगा।
राहुल गांधी के मोहब्बत की दुकान वाले बयान की आलोचना करते हुए स्मृति ईरानी ने सवाल पूछा कि क्या 84 के दंगों के माध्यम से गांधी खानदान ने मोहब्बत का इजहार किया था? क्या यूनिवर्सिटी में जाकर भारत तेरे टुकड़े होंगे का नारा देकर गांधी खानदान ने मोहब्बत का इजहार किया था? क्या देश में आपातकाल लगाकर मीसा के अंतर्गत निर्दोष हिंदुस्तानियों को जेल में डाल कर गांधी खानदान ने मोहब्बत का इजहार किया था? क्या पेड़ गिरना और धरती का कांपना मोहब्बत का इजहार है?
Tagsपटनाविपक्षी दलों की बैठकविपक्षस्मृति ईरानीकांग्रेसपीएम मोदीPatnaOpposition parties meetingOppositionSmriti IraniCongressPM Modi
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





