भारत

साबुन नहीं स्मैक! छिपाकर ले जा रहा था 306 ग्राम नशा, पुलिस ने खोला राज

SHIDDHANT
12 Sept 2026 11:25 PM IST
साबुन नहीं स्मैक! छिपाकर ले जा रहा था 306 ग्राम नशा, पुलिस ने खोला राज
x
पुलिस ने 50 लाख की स्मैक के साथ युवक पकड़ा
Bihar बिहार। बिहार के पूर्णिया जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य की स्मैक बरामद की है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 306.85 ग्राम स्मैक मिली। खास बात यह रही कि तस्करी की इस खेप को साबुनदानी के अंदर छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी मिली थी कि एक युवक लाइन बाजार से आरएन साह चौक की तरफ स्मैक की खेप लेकर आने वाला है। सूचना के बाद एसडीपीओ सदर-01 अभिनव परासर के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस टीम ने फोर्ड कंपनी चौक के आसपास निगरानी शुरू की और आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक टोटो पर पड़ी। पुलिस को देखते ही टोटो में सवार युवक अचानक भागने लगा। उसके हाथ में गुलाबी रंग का झोला था। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान 30 वर्षीय सौरभ कुमार निवासी तेतराही वार्ड नंबर-04, थाना जानकीनगर, पूर्णिया के रूप में हुई।
पुलिस ने जब युवक के पास मौजूद झोले की तलाशी ली तो उसमें काले रंग की पॉलीथिन में रखी तीन साबुनदानी मिलीं। पुलिस को शक होने पर जब साबुनदानी खोली गई तो अंदर साबुन की जगह सफेद पॉलीथिन में पैक तीन पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों में स्मैक होने की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक का कुल वजन 306.85 ग्राम है, जिसकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में सामने आया कि यह खेप पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक से पूर्णिया लाई गई थी। इसे शहर के अलग-अलग
इलाकों
में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। एसडीपीओ अभिनव परासर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी शराब कांड में जेल जा चुका है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और नशे के कारोबार से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस को के.हाट थाना क्षेत्र के जनता चौक स्थित एक ब्यूटी पार्लर से बरामद स्मैक की खेप से भी आरोपी के कनेक्शन के संकेत मिले हैं। इसके बाद पुलिस को आशंका है कि पूर्णिया में स्मैक सप्लाई करने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, स्मैक की डिलीवरी करने वाले कुछ लोगों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस मामले में के.हाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक की खेप कहां-कहां पहुंचाई जानी थी और इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक कौन है।
Next Story