6 की मौत, शादी में शामिल होने पहुंचे थे रिश्तेदार के यहां, नाव पलटने से घटना

यूपी। हमीरपुर में बड़ा नाव हादसा हो गया है। यहां खरबूजा खाकर लौट रहे 10 लोगों से भरी नाव यमुना में डूब गई। ये सभी लोग एक शादी में आए थे। चार किसी तरह बचकर बाहर आ गए लेकिन छह लापता हैं। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच बचाव कार्य शुरू किया। खबर लिखे जाने तक लापता लोगों का पता नहीं चला।
मिली जानकारी के अनुसार हमीरपुर के कोतूपुर पटिया निवासी राजू की बेटी की मंगलवार को शादी थी। इसमें शामिल होने तमाम रिश्तेदार आए थे। बुधवार सुबह दुल्हन की विदाई के बाद 10 रिश्तेदार नाव से गांव से पास से निकली यमुना नदी के उसपार खरबूजा खाने गए थे। लौटते समय हवा के तेज झोंके से नाव डगमगा कर पलट गई। चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग दौड़ लेकिन नाव सवार लोग नदी में समा गए। इस समय नाव नदी की बीच धारा में थी। एक किशोर-किशोरी समेत चार लोग किसी तरह तैरकर किनारे पहुंच गए। उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से कुरारा सीएचसी लाया गया है। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
वहीं, रानी, आकांक्षा, ब्रजरानी, लव्यांश, गोरेलाल और आदित्य डूब गए। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष कुरारा रामआसरे सरोज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम अभिषेक कुमार, सीओ सदर राजेश कमल भी नदी किनारे पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि रात होने से राहत और बचाव के काम में बाधा आ रही है। एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। नाव डूबने और उस पर सवार छह लोगों के लापता होने की खबर से गांव में हलचल मची हुई है। जिन परिवारों के सदस्य लापता लोगों में शामिल हैं उनमें कोहराम मचा हुआ है। लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है लेकिन ज्यों-ज्यों समय बीत रहा है लोगों की उम्मीद कमजोर पड़ती जा रही और चिंता बढ़ती जा रही है। लापता लोगों में दो सगे भाई बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे जमा हो गए। वे वहां लगातार जमे हुए हैं।





