भारत

कफ सिरप के अवैध कारोबार मामले में SIT की कार्रवाई, तीन ठिकानों पर छापेमारी

jantaserishta.com
23 Dec 2025 4:38 PM IST
कफ सिरप के अवैध कारोबार मामले में SIT की कार्रवाई, तीन ठिकानों पर छापेमारी
x
पुलिस ने जांच तेज कर दी है.
रांची: कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में रांची पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित सैली ट्रेडर्स कंपनी पर एक बार फिर छापेमारी की गई। सिटी डीएसपी के नेतृत्व में की जा रही इस कार्रवाई के तहत कंपनी से जुड़े तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी अभी जारी है और दस्तावेजों के साथ-साथ स्टॉक की गहन जांच की जा रही है। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी इसी कंपनी पर कफ सिरप के अवैध कारोबार के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में छापेमारी कर चुका है। सैली ट्रेडर्स तुपुदाना निवासी भोला प्रसाद से जुड़ी बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने कफ सिरप के अवैध सप्लाई चेन और नेटवर्क की पड़ताल के लिए आठ सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इस एसआईटी का नेतृत्व ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर कर रहे हैं, जबकि सिटी डीएसपी केबी रमन को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश क्राइम ब्रांच से मिली सूचना के आधार पर हाल ही में रांची के मांडर थाना क्षेत्र में एक ट्रक से 13 हजार से अधिक प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें भी बरामद की गई थीं। इससे पहले उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जांच में खुलासा हुआ था कि रांची स्थित सैली ट्रेडर्स द्वारा वाराणसी सहित उत्तर प्रदेश के कई शहरों में प्रतिबंधित कफ सिरप की अवैध सप्लाई की गई।
इस मामले में वाराणसी में सैली ट्रेडर्स सहित कुल 28 थोक दवा विक्रेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। जांच में पाया गया था कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच सैली ट्रेडर्स ने ऐबट हेल्थकेयर से करीब 89 लाख रुपये मूल्य की फेन्सीडील खरीदी और उसे अवैध रूप से विभिन्न जिलों में सप्लाई कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, यह नेटवर्क कफ सिरप को नशे के रूप में इस्तेमाल करने वाले समूहों तक पहुंचा रहा था और निगरानी से बचने के लिए बिक्री का कोई रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा था। मध्य प्रदेश और राजस्थान में कोडीन फॉस्फेटयुक्त कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामलों के बाद देशभर में जांच तेज की गई थी और इसी दौरान रांची की यह कंपनी जांच के रडार पर आई।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story
    null