
x
गायक सिमंता शेखर का बड़ा फैसला
Guwahati. गुवाहाटी। असम के जाने-माने गायक और भारतीय जनता पार्टी के नेता सिमंता शेखर ने मंगलवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और असम प्रदेश कार्यकारिणी से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही उन्होंने असम स्टेट फिल्म (फाइनेंस एंड डेवलपमेंट) कॉरपोरेशन के चेयरमैन पद को भी छोड़ने की घोषणा की है। शेखर ने अपने फैसले के पीछे व्यक्तिगत कारण बताए हैं और कहा है कि इसका भाजपा की विचारधारा, नीतियों या कामकाज से असंतोष से कोई संबंध नहीं है। सिमंता शेखर ने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया को सौंप दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पद और पार्टी छोड़ने का फैसला किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं है। भविष्य की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी दूसरे राजनीतिक दल में शामिल होने या उससे जुड़ने का उनका इरादा नहीं है।
इस्तीफे के बाद शेखर ने भाजपा के नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और सहयोगियों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को भी शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में असम विकास और प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ता रहेगा। दिलचस्प बात यह है कि असम स्टेट फिल्म (फाइनेंस एंड डेवलपमेंट) कॉरपोरेशन की सरकारी वेबसाइट पर खबर लिखे जाने तक सिमंता शेखर का नाम चेयरमैन के रूप में दर्ज था। निगम की ‘Key Officials’ सूची में भी उन्हें चेयरमैन बताया गया है। संभव है कि इस्तीफे की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद वेबसाइट पर जानकारी अपडेट की जाए।
सिमंता शेखर असम के सांस्कृतिक और मनोरंजन जगत का जाना-पहचाना नाम हैं। संगीत के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ उन्होंने सार्वजनिक जीवन और राजनीति में भी भूमिका निभाई। असम स्टेट फिल्म (फाइनेंस एंड डेवलपमेंट) कॉरपोरेशन राज्य में फिल्म निर्माण और असमिया सिनेमा को प्रोत्साहित करने से जुड़े कार्यक्रम संचालित करता है।
शेखर ने पार्टी छोड़ने के बावजूद असम और असमिया समाज के प्रति अपना जुड़ाव बरकरार रखने की बात कही है। उन्होंने कहा कि असम और असमिया समुदाय के प्रति उनका प्यार, सम्मान और प्रतिबद्धता पहले की तरह बनी रहेगी। उनका इस्तीफा ऐसे समय सामने आया है जब असम में राजनीतिक गतिविधियां जारी हैं। हालांकि उनके इस फैसले के राजनीतिक प्रभाव को लेकर अलग-अलग व्याख्याएं हो सकती हैं, शेखर ने स्वयं इसे पूरी तरह निजी कारणों से लिया गया निर्णय बताया है।
Next Story





