भारत

पलकों पर बिठाए रजत पदक विजेता सावन

Shantanu Roy
18 Oct 2026 3:59 PM IST
पलकों पर बिठाए रजत पदक विजेता सावन
x
जोगिंद्रनगर। जापान के नागोया में आयोजित एशियाई खेलों में पुरुष मैराथन में रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले राडा भखेड़ निवासी सावन बरवाल का शनिवार को मंडी-पठानकोट सीमा पर स्थित घटा में जोरदार स्वागत किया गया। अपने चहेते खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए हजारों ग्रामीण, युवा और खेल प्रेमी उमड़ पड़े। ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच सावन बरवाल का फूलमालाओं से अभिनंदन किया गया। इस दौरान उनके बचपन के प्रशिक्षक गोपाल ठाकुर का भी भव्य सम्मान किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने विशेष रूप से समारोह में शिरकत की। उन्होंने रजत पदक विजेता सावन बरवाल को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में कांग्रेस नेता कुशाल भारद्वाज, चौंतड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुमार, नगर परिषद जोगिंद्रनगर की अध्यक्ष संतोष शर्मा, उपाध्यक्ष प्यार चंद वालिया, पूर्व सैनिक लीग जोगिंद्रनगर के प्रतिनिधियों और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कल्याण ठाकुर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सावन के माता-पिता, पत्नी और बचपन के प्रशिक्षक की उपस्थिति ने इस समारोह को और भी भावुक बना दिया। 28 वर्षीय सावन बरवाल भारतीय थल सेना में सेवाएं दे रहे हैं और वर्तमान में देहरादून में तैनात हैं। उन्होंने 42 किलोमीटर से अधिक लंबी मैराथन दौड़ दो घंटे 11 मिनट 37 सेकंड में पूरी कर रजत पदक अपने नाम किया। इस दौरान उन्होंने अपना ही राष्ट्रीय कीर्तिमान भी तोड़ा। उनकी इस उपलब्धि से देश को लंबे अंतराल के बाद एशियाई खेलों की पुरुष मैराथन स्पर्धा में पदक मिलने की खुशी मिली है। सावन के पिता कुलदीप टैक्सी चलाते हैं। बेटे की ऐतिहासिक उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। उनके बचपन के प्रशिक्षक गोपाल ठाकुर ने भी सावन की सफलता पर गर्व जताया। जीवन ठाकुर ने कहा कि सावन बरवाल ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से प्रदेश के साथ देश का गौरव बढ़ाया है। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाडय़िों को हरसंभव सहयोग मिलना चाहिए, ताकि वे भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें।
Next Story