भारत
हाईकोर्ट का अहम फैसला, 30 दिन से मोर्चरी में रखे महिला के शव का अंतिम संस्कार करेगा गोद लिया बेटा
jantaserishta.com
23 July 2026 5:35 PM IST

x
जानें पूरा मामला.
नई दिल्ली: कलकत्ता हाईकोर्ट ने एक महिला के शव का उसके गोद लिए बेटे को तुरंत दाह संस्कार करने की अनुमति दे दी है. परिजनों के आपसी दावों और विवादों के कारण महिला का पार्थिव शरीर पिछले एक महीने से अस्पताल के मोर्चरी में लावारिस की तरह पड़ा हुआ था.
याचिकाकर्ता अर्का मोंडल ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाकर पुलिस प्रशासन को अपनी मां कृष्णा घोष के शव का अंतिम संस्कार करने की अनुमति देने गुहार लगाई थी. कृष्णा घोष का निधन एक महीने पहले 23 जून को हो गया था.
कोर्ट की सुनवाई के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार के वकील ने बताया कि मोंडल हालांकि गोद लिए बेटे हैं, लेकिन उनके और परिवार के दूसरे सदस्यों (मायके पक्ष के रिश्तेदारों) के बीच संपत्ति और अधिकारों को लेकर विवाद चल रहा है. इसी खींचतान की वजह से अंतिम संस्कार को लेकर विवाद बना हुआ था.
मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस भट्टाचार्य ने चिंता जताते हुए कहा, 'सबसे अहम बात ये है कि एक महिला का निधन 23 जून को हुआ था और आज 23 जुलाई को एक रिट याचिका पर ये तय करने के लिए विचार किया जा रहा है कि शव का दाह संस्कार कौन करेगा.'
अदालत ने कहा कि महिला की मौत को एक महीना बीत चुका है, इसलिए अब बिना किसी देरी के तुरंत दाह संस्कार किया जाना बेहद जरूरी है. जस्टिस भट्टाचार्य ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वो याचिकाकर्ता को तुरंत शव का दाह संस्कार करने की अनुमति दें. इसके साथ ही कोर्ट ने कहा कि वो याचिकाकर्ता या दूसरे रिश्तेदारों के किसी भी कानूनी अधिकार पर फैसला नहीं कर रहा है. हाईकोर्ट ने साफ कर दिया कि सिर्फ दाह संस्कार करने से याचिकाकर्ता को कोई अतिरिक्त कानूनी अधिकार नहीं मिल जाएगा, जब तक कि इसका फैसला किसी उपयुक्त मंच या अदालत की ओर से न किया जाए.
याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत में तर्क दिया था कि मृतका ने अपनी जिंदगी में उनके पक्ष में एक वसीयत की थी. उन्होंने कहा कि गोद लिए बेटे को अपने माता-पिता का अंतिम संस्कार करने का हक है, लेकिन पुलिस उन्हें ऐसा करने से रोक रही थी. अब कोर्ट के आदेश के बाद अब मृतका को एक महीने बाद अंतिम विदाई मिल सकेगी.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





