भारत

राज्यसभा नहीं जाएंगे सिद्धारमैया, खुद किया स्पष्ट

Nilmani Pal
28 May 2026 4:41 PM IST
राज्यसभा नहीं जाएंगे सिद्धारमैया, खुद किया स्पष्ट
x

कर्नाटक। इस्तीफा देने के तुरंत बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि वह नए मुख्यमंत्री के लिए रास्ता बना रहे हैं, लेकिन राष्ट्रीय राजनीति में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है. उन्होंने कहा, “जब हाईकमान मुझसे इस्तीफा मांगता है, तो मैं इस्तीफा दे देता हूं. दो दिन पहले हाईकमान ने मुझसे पद छोड़ने को कहा था, इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया.” साल 2006 में कांग्रेस में शामिल हुए सिद्धारमैया ने यह भी साफ कर दिया कि वह कर्नाटक की राजनीति में सक्रिय बने रहेंगे और राज्यसभा जाने के पक्ष में नहीं हैं.

पद छोड़ने के बाद सिद्धारमैया ने साफ कर दिया कि उन्होंने राज्यसभा जाने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है. उन्होंने कहा, “मैं कर्नाटक की राजनीति में सक्रिय रहूंगा. राष्ट्रीय राजनीति में मेरी कोई रुचि नहीं है.” कांग्रेस के भीतर किसी तरह के मतभेद या कड़वाहट की अटकलों को खारिज करते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि कर्नाटक कांग्रेस एक परिवार की तरह एकजुट रहेगी. उन्होंने कहा, “मैं हमेशा मानता रहा हूं कि हमें एक परिवार की तरह साथ रहना चाहिए. अपने कार्यकाल के दौरान मैंने सभी के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की कोशिश की.” सिद्धारमैया के इन बयानों को सत्ता परिवर्तन के बीच पार्टी में एकता बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

बता दें कि कर्नाटक के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. इसके साथ ही कई दिनों से चल रही राजनीतिक अटकलों पर विराम लग गया. कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें पद छोड़कर डीके शिवकुमार के लिए रास्ता बनाने को कहा था, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा सौंप दिया. हालांकि, विदाई के दौरान सिद्धारमैया ने अपने तेवर बरकरार रखे. उन्होंने साफ कहा कि वह कर्नाटक की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे. साथ ही उन्होंने कांग्रेस हाईकमान की ओर से दिए गए राज्यसभा सीट के प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया.

सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच लंबे समय से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता रही है. ऐसे में उनके इस्तीफे को कर्नाटक कांग्रेस में सत्ता संतुलन के बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.

Next Story