भारत

ग्वालियर में एसआई पर हमला, विवाद सुलझाने गया फिर खुद फसा

Shantanu Roy
22 March 2026 5:43 PM IST
ग्वालियर में एसआई पर हमला, विवाद सुलझाने गया फिर खुद फसा
x
लोगों ने किया जिंदा जलाने का प्रयास
Gwalior. ग्वालियर। शहर के कंपू इलाके में आमखो तिराहा पर दो पक्षों के झगड़े को सुलझाने पहुंचे कंपू थाना के सब-इंस्पेक्टर रूद्र पाठक खुद ही विवाद में फंस गए। शुक्रवार को हुई इस घटना में दो बाइक सवार युवक एसआई से उलझ गए और उन पर हाथ उठाने लगे। आरोप है कि युवकों ने एसआई को थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए धक्का-मुक्की की और उनकी वर्दी पकड़कर नेम प्लेट खींचने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर रविवार को सामने आया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि भीड़ के बीच एसआई घिरे हुए हैं और युवक उनकी वर्दी पर हाथ डालकर उन्हें परेशान कर रहे हैं।

वीडियो में युवक कहते नजर आए, “सब-इंस्पेक्टर है तो हमारा क्या बिगाड़ लेगा।” वहीं भीड़ ने किसी तरह एसआई को युवकों के हाथों बचाया। एसआई रूद्र पाठक ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि आमखो तिराहा पर कार और बाइक की टक्कर के बाद विवाद हो रहा है। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास करने लगे। तभी एक अन्य बाइक पर सवार दो युवक वहां आए और अचानक उलझ गए। जब एसआई ने उन्हें सख्ती से समझाया, तो वे और आक्रामक हो गए। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान युवकों ने आरोप लगाया कि एसआई ने वर्दी का रौब दिखाते हुए उन्हें थप्पड़ मारा।

जिसके बाद उन्होंने एसआई पर हावी होने की कोशिश की। घटना के दौरान एसआई ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन युवक उन पर हावी होते नजर आए। हंगामा बढ़ने पर एसआई ने तुरंत कंपू थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। जांच में पता चला कि आरोपित युवक उज्जवल शर्मा, निवासी नाका चंद्रवदनी है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है। एसआई रूद्र पाठक ने कहा कि वे सिर्फ झगड़े को सुलझाने आए थे और अचानक बीच में आकर आरोपी ने विवाद बढ़ा दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस घटना की निंदा की और पुलिस कार्रवाई की मांग की है।
Next Story