भारत

जयकारों से गूंज रहे देवियों के दरबार, मंदिरों में उमड़ रहा भक्तों का सैलाब

Shantanu Roy
19 Oct 2026 8:38 PM IST
जयकारों से गूंज रहे देवियों के दरबार, मंदिरों में उमड़ रहा भक्तों का सैलाब
x
ज्वालामुखी। शक्तिपीठ मां बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा में शारदीय नवरात्र के अष्टमी पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अष्टमी के दिन करीब 14 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, सप्तम नवरात्र के दिन श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में 365581 रुपए का चढ़ावा अर्पित किया गया। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाने के लिए उचित व्यवस्थाएं की गईं। अष्टमी के पावन अवसर पर एपीएमसी के अध्यक्ष एवं कांगड़ा के 20 सूत्रीय कार्यक्रम के अध्यक्ष निशु मोंगरा भी मां बज्रेश्वरी के दरबार में शीश नवाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंदिर में चल रहे यज्ञ में विधिवत पूजा.अर्चना की तथा मां के दर्शन किए। मंदिर के वरिष्ठ पुजारी कांति शर्मा ने उन्हें विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। वहीं, शारदीय नवरात्रों के पावन पर्व पर रविवार को श्रीचामुंडा नंदीकेश्वर धाम में रविवार को 15 हजार
श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी।


इस दौरान विधायक आशीष बुटेल ने मां श्रीचामुंडा का आशीर्वाद लिया और इसके बाद सहस्त्र चंडी महायज्ञ में पूर्णाहुति डाली महाअष्टमी के इस पावन अवसर पर माता के दर्शनों के लिए सुबह से ही देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा। भारी जनसैलाब के चलते सुरक्षा कर्मियों और मंदिर प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, ज्वालामुखी मंदिर में आश्विन माह के शरद कालीन नवरात्रि के सातमें दिन मां के भक्तों ने कुल मिलाकर 12 लाख 64000 का नकद चढ़ावा मां ज्वालामुखी के चरणों में अर्पित किया। मंदिर अधिकारी तहसीलदार अजय मांड्याल ने बताया कि आठवें नवरात्रि में लगभग 35000 यात्रियों ने परिवार सहित माता रानी की अखंड ज्योति के दिन रात खुले मंदिर में दर्शन किए। साथ ही कई भक्तों ने अपने बच्चों के मुंडन संस्कार भी माता रानी के चरणों में करवाए।
Next Story