भारत

हद है! आलू की कीमत को लेकर गोली चल गई, हमलावर भी पहुंचा अस्पताल, भीड़ ने दबोचा

jantaserishta.com
17 July 2024 9:08 AM IST
हद है! आलू की कीमत को लेकर गोली चल गई, हमलावर भी पहुंचा अस्पताल, भीड़ ने दबोचा
x
घायल विक्रेता और आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा: आगरा के विकास नगर (ट्रांस यमुना) स्थित सब्जी मंडी में दिन में आलू की कीमत में पांच रुपये कम कराने को लेकर हुए विवाद के बाद रात में पांच हमलावरों ने सब्जी विक्रेता शिव कुमार को गोली मार दी। गोली कान-कनपटी को छूकर निकल गई। आवाज सुनकर दुकानदार जुट गए। उन्होंने एक हमलावर को दबोच लिया, जबकि चार भाग गए। पकड़े गए हमलावर की जमकर पिटाई कर दी। फायरिंग से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी को लोगों से छुड़ाया। इसके बाद घायल विक्रेता और आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगला किशनलाल, ट्रांस यमुना निवासी शिव कुमार सब्जी की ठेल लगाता है। मंगलवार रात 8:30 बजे वह विकास नगर सब्जी मंडी में ठेल पर खड़ा हुआ था। बताया गया है कि एक बाइक पर तीन और दो हमलावर पैदल आए। इनमें से एक ने तमंचा निकाला। इसके बाद शिव कुमार पर गोली चला दी। गोली शिव कुमार के कान और कनपटी को छूकर निकल गई। वह घायाल हो गया। आवाज सुनकर पास ही खड़ा शिव कुमार का भाई राजकुमार आ गया। उसने गोली चलाने वाले हमलावर को पकड़ लिया। आसपास के लोग भी जुट गए।
यह देखकर पकड़े गए हमलावर के साथी भाग गए। लोगों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पीटा। सूचना पर थाना ट्रांस यमुना की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने लोगों से आरोपी को छुड़ाया। इसके बाद दोनों घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। शहजाद पकड़ा गया है।
वह इस्लाम नगर का रहने वाला है। वहीं हमलावर के साथ आसिफ, हसन और कलुआ बताए गए हैं। पता चला है कि हमलावर युवक पक्ष दोपहर में आलू खरीदने आया था। तब विक्रेता से कीमत को लेकर विवाद हुआ था। आलू की कीमत 35 और 40 रुपये पर बहस हुई थी। इसी को लेकर रात में फायरिंग की गई। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
टेढी बगिया स्थित सब्जी मंडी में गोली चलने की यह पहली घटना नहीं है। छह महीने में तीसरी घटना सामने आई है। इससे पहले भी दो बार गोली चल चुकी है। मामूली विवाद पर फायरिंग की घटना सामने आ चुकी हैं। क्षेत्र के दुकानदारों का कहना है कि आसपास के मोहल्ले के युवक मंडी में घूमते रहते हैं। इस दौरान विक्रेताओं से विवाद करते रहते हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story