
अमेरिका के डेट्रॉयट में हुई गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई. इस घटना में 4 अन्य लोगों को भी गोली लगी है, लेकिन वे खतरे से बाहर बताए गए हैं. न्यूज एजेंसी AP के अनुसार, अमेरिका के डेट्रॉयट में रविवार सुबह एक आफ्टर-आवर्स स्ट्रिप क्लब में विवाद के बाद हुई गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक, घटना एक आवासीय इलाके में हुई. घायलों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है.
डेट्रॉयट पुलिस प्रमुख टॉड बेटिसन ने बताया कि पुलिस को सुबह 7:21 बजे (अमेरिकी समय के अनुसार)गोलीबारी की सूचना मिली. घटनास्थल पर पहुंचने पर अधिकारियों ने 3 पुरुषों को पाया, जिन्हें गोली लगी थी और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. चार अन्य घायल निजी वाहनों से आसपास के अस्पतालों में पहुंचे. पुलिस के अनुसार, सभी पीड़ितों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान है.
टॉड बेटिसन ने आगे बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पहले किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. उन्होंने कहा कि लोगों ने विवाद सुलझाने के लिए गोलीबारी का सहारा लिया. पुलिस प्रमुख ने यह भी बताया कि जिस पते पर घटना हुई, वह पुलिस के लिए नया नहीं है. इस साल इस स्थान पर पुलिस को सात बार बुलाया जा चुका है. उन्होंने इसे ‘आफ्टर-आवर्स लोकेशन’ बताते हुए कहा कि घटनास्थल को स्ट्रिप क्लब के तौर पर समझा जा सकता है. पुलिस के पास मामले में कुछ सुराग हैं, डेट्रॉयट की मेयर मैरी शेफील्ड ने घटना पर दुख जताते हुए लोगों से पुलिस के साथ जानकारी साझा करने की अपील की.





