भारत

शरद यादव सरकारी बंगला मामला: वकील कपिल सिब्बल ने पेश की तस्वीरें, सुप्रीम कोर्ट में केंद्र ने कही यह बात

jantaserishta.com
28 March 2022 4:28 PM IST
शरद यादव सरकारी बंगला मामला: वकील कपिल सिब्बल ने पेश की तस्वीरें, सुप्रीम कोर्ट में केंद्र ने कही यह बात
x
वहीं, शरद यादव की ओर से कोर्ट में पेश हुए उनके वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि शरद यादव को कुछ और समय दिया जाए. मेरे मुवक्किल बंगला खाली करने के लिए तैयार हैं.

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने आरजेडी नेता शरद यादव की याचिका पर केंद्र से जवाब मांगा है. शरद दिल्ली का सरकारी बंगला खाली करने के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं. 15 मार्च को दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें 15 दिन में बंगला खाली करने का आदेश दिया था.

जेडीयू से सांसद चुने गए शरद यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 2017 में ही राज्यसभा सदस्यता के अयोग्य ठहरा दिया गया था. तब से अब तक शरद यादव हाई कोर्ट के एक अंतरिम आदेश के सहारे केंद्रीय मंत्रियों को मिलने वाले बंगले 7, तुगलक रोड में जमे हैं. हाई कोर्ट ने अब वह आदेश वापस ले लिया है.
हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे शरद ने दलील दी है कि राज्यसभा से बाहर किए जाने के खिलाफ उनकी याचिका अभी भी हाई कोर्ट में लंबित है. इस पर 25 अप्रैल को सुनवाई है. उनका कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है. तब तक उन्हें आवास से नहीं निकाला जाना चाहिए. शरद की तरफ से कोर्ट में पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने उनके खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया. सिब्बल ने कहा, "उनकी तबीयत बहुत खराब है. हर 7 दिन में डायलिसिस होती है. कोविड के चलते 22 दिन वेंटिलेटर पर भी रहना पड़ा था."
याचिका का विरोध करते हुए एडिशनल सॉलिसीटर जनरल संजय जैन ने कहा, "शरद यादव किसी तरह सरकारी बंगले पर कब्ज़ा बनाए रखने के लिए बहानेबाजी कर रहे हैं. बंगले में बने रहने के लिए ही उन्होंने सार्वजनिक रूप से आरजेडी की सदस्यता लेने का कार्यक्रम लटका रखा था. हाई कोर्ट का आदेश आते ही तुरंत अपने संगठन का आरजेडी में विलय कर लिया. केंद्रीय मंत्रियों को आवास देने में समस्या आ रही है. यह बंगला मंत्री पशुपति नाथ पारस को आवंटित किया गया है. लेकिन शरद यादव इसे खाली ही नहीं कर रहे."
इस पर सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ और सूर्य कांत की बेंच ने कहा कि शरद यादव ने खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया है. कोर्ट सिर्फ इसी पहलू को मानवीय आधार पर देखेगा. केंद्र के वकील इस पर निर्देश लेकर कोर्ट को अवगत कराएं. सुनवाई गुरुवार, 31 मार्च को होगी. जजों ने शरद के वकील कपिल सिब्बल से यह भी बताने को कहा कि वह किस तारीख को आवास खाली करेंगे?

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story