भारत

पति-पत्नी का रिश्ता तार-तार

jantaserishta.com
13 Jun 2026 1:30 PM IST
पति-पत्नी का रिश्ता तार-तार
x
जानें पूरा मामला.
कटिहार: सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह लोगों से क्या-क्या नहीं करवा रही. कोई खतरनाक स्टंट करता है, कोई फर्जी खबर फैलाता है, तो कोई सिर्फ कुछ लाइक्स और कमेंट्स के लिए अपनी ही जिंदगी को तमाशा बना देता है. लेकिन बिहार के कटिहार जिले से सामने आया मामला इन सबसे अलग है. यहां एक शख्स पर आरोप है कि उसने अपनी ही पत्नी की प्राइवेट तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने शुरू कर दिए. वजह? शक, गुस्सा और सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरने की अजीबोगरीब चाह.
इस सनकी व्यक्ति की शादी साल 2023 में हुई थी. परिवार के लोगों के मुताबिक, पति को अपनी पत्नी पर लगातार शक रहता था. पत्नी अगर मायके चली जाए, फोन देर से उठाए या किसी रिश्तेदार से ज्यादा बात कर ले, तो उसे संदेह होने लगता. धीरे-धीरे यह शक इतना बढ़ गया कि पति को लगने लगा कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ संबंध है. हालांकि इन आरोपों की कभी पुष्टि नहीं हुई. लेकिन शक का यह बीज उसके दिमाग में लगातार बढ़ता रहा.
इसी बीच पति-पत्नी के रिश्ते में दूरियां आने लगीं. दोनों के बीच विवाद बढ़े और पत्नी मायके में रहने लगी. यहीं से मामला और गंभीर हो गया. आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी की निजी तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल उसे बदनाम करने के लिए करना शुरू कर दिया. क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल करने लगा.
पत्नी को इसकी जानकारी मिली तो उसके लिए यह सिर्फ पारिवारिक विवाद नहीं रहा, बल्कि उसकी गरिमा, निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा का सवाल बन गया. कई लोगों के लिए यह समझना मुश्किल हो सकता है कि कोई व्यक्ति ऐसा क्यों करेगा?
जांच अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे मामलों में अक्सर दो वजहें सामने आती हैं. पहली, बदला लेने की मानसिकता. दूसरी, सोशल मीडिया पर अचानक चर्चा में आने की चाह. आरोप है कि इस मामले में भी दोनों बातें एक साथ दिखाई देती हैं. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी लंबे समय से सोशल मीडिया पर एक्टिव था. वह फेमस होना चाहता था और इसी कोशिश में उसने वह सीमा पार कर दी. वह अपनी पत्नी के प्राइवेट वीडियो क्लिप और तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करने लगा. पत्नी को पता चला तो वह हैरान रह गई. उसने आखिरकार साइबर पुलिस से संपर्क किया.
सोचिए, एक तरफ एक महिला है, जिसकी निजी जिंदगी अचानक सोशल मीडिया की दुनिया में पहुंचने लगती है. दूसरी तरफ उसका पति है, जिसे लगता है कि वह जो कर रहा है, वह गुस्से का जवाब है. कटिहार साइबर थाने को इस मामले की शिकायत खुद पीड़िता ने दी. 9 जनवरी 2026 को दर्ज शिकायत में उसने आरोप लगाया कि उसका पति लगातार उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डाल रहा है.
शिकायत दर्ज हुई और जांच शुरू हो गई. पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया. सोशल मीडिया अकाउंट्स, पोस्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों की जांच की गई. शिकायत दर्ज होने के बाद भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा. वह कुछ समय तक गिरफ्तारी से बचता रहा. इस दौरान साइबर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही. तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने जो बातें कहीं, उन्होंने पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया. उसने मान लिया कि उसने कंटेंट सोशल मीडिया पर डाला था, लेकिन इसके पीछे उसने गुस्से और पत्नी पर शक को वजह बताया. उसका कहना था कि वह अपनी पत्नी से नाराज था और उसी नाराजगी में उसने यह कदम उठाया.
कटिहार के साइबर डीएसपी आशीफ आलम कहते हैं कि किसी व्यक्ति की निजी तस्वीरें या वीडियो उसकी अनुमति के बिना सोशल मीडिया पर साझा करना कानूनन अपराध है. चाहे वह पति हो, पत्नी हो, दोस्त हो या कोई और. किसी की निजता का उल्लंघन करने का अधिकार किसी को नहीं है.
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है. जांच के दौरान मोबाइल में कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो मिलने की बात कही गई है. अब इन डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि सामग्री कहां-कहां साझा की गई थी और क्या उसे हटाने या छिपाने की कोशिश की गई थी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story