चिकन पॉइंट में शर्मनाक हरकत, कारीगर को पुलिस ने लिया हिरासत में

यूपी। गाजियाबाद में थूक लगाकर रोटी बनाने की घिनौनी और शर्मनाक घटना सामने आई है. यह हरकत मधुबन बापूधाम इलाके में दुहाई रैपिड स्टेशन के पास स्थित 'चिकन पॉइंट' नाम की दुकान पर काम करने वाले कारीगर ने की है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में कारीगर तंदूर में रोटियां सेंकने से पहले उन पर थूकता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है.
दुकान पर मौजूद किसी व्यक्ति ने कारीगर की इस हरकत को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गया. वीडियो देखने के बाद लोगों ने नाराजगी जाहिर की और तत्काल कार्रवाई की मांग की और पुलिस को सूचना दी. लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं सेहत के लिए भी खतरा पैदा करती हैं. सूचना मिलते ही मधुबन बापूधाम पुलिस हरकत में आई.
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने कहा कि 8 जनवरी को चौकी वर्धमानपुरम क्षेत्र से वीडियो संज्ञान में आया, जिसमें दुकान पर काम करने वाले व्यक्ति द्वारा थूककर रोटी बनाए जाने की बात कही गई. पुलिस ने वीडियो की जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही प्रतीत हुए. इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी कारीगर जावेद अंसारी निवासी मुरादनगर क्षेत्र को हिरासत में ले लिया गया.आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. खाद्य विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी गई है, ताकि दुकान की जांच कर जरूरी कदम उठाए जा सकें. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.





