
x
2 लोग गंभीर घायल
Madhya Pradesh मध्य प्रदेश: नौतपा की भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम ने करवट ली, जिससे कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश ने तबाही मचा दी। भिंड जिले के लहार अनुभाग के रौन थाना क्षेत्र के ग्राम मनगढ़ में तेज आंधी के कारण एक पक्की दीवार गिर गई, जिसमें 36 भेड़ों की मौत हो गई और एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, एक पशुपालक परिवार अपने घर के पास टीनशेड के नीचे सो रहा था, जबकि उनकी भेड़ें पास ही बंधी हुई थीं। इसी दौरान तेज हवाओं और आंधी के चलते चारों ओर बनी दीवार अचानक गिर गई और पूरा मलबा टीनशेड पर आ गिरा। हादसे में टीनशेड के नीचे सो रहे दो लोग मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं 36 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पशुपालक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही रौन थाना पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत कार्य करवाया और पशु चिकित्सकों ने मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
इस बीच प्रदेश में लू का असर भी जारी है। कई जिलों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 48 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई है, जिससे कुछ इलाकों में राहत के साथ नुकसान की आशंका बनी हुई है।
Next Story





