भारत

ITO पर भीषण सड़क हादसा दो विधायकों समेत कई लोग घायल

nidhi
24 Aug 2026 8:37 AM IST
ITO पर भीषण सड़क हादसा दो विधायकों समेत कई लोग घायल
x
दो MLA घायल पुलिस ने शुरू की जांच

नई दिल्ली : ITO इलाके में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां दो कारों की जोरदार टक्कर में दिल्ली और कर्नाटक के विधायक समेत कई लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि एक कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी कार से जा भिड़ी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और राहत टीम ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा ITO ट्रैफिक सिग्नल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार नियंत्रण खो बैठी और सड़क के बीच बने डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी कार से टकरा गई। दूसरी कार में कर्नाटक सरकार की गाड़ी बताई जा रही है, जिसमें विधायक सवार थे। हादसे में दिल्ली के विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल समेत कई लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायलों की स्थिति को लेकर पुलिस और अस्पताल प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक के नियंत्रण खोने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। राजधानी दिल्ली में ITO इलाका बेहद व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां दिन-रात बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यहां हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदार व्यक्ति के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
Next Story