भारत
शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर शिवराज चौहान और सीएम मोहन यादव समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
jantaserishta.com
18 Sept 2026 8:44 AM IST

x
भोपाल: जनजातीय नायक राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत राज्य के कई दिग्गज नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है।
कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक, जनजातीय गौरव, अमर बलिदानी राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर उनके चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आपके साहस और वीरता की गौरवगाथा सदैव देश की भावी पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए मर-मिटने की प्रेरणा देती रहेगी। मातृभूमि के लिए आप अमर हुतात्माओं का त्याग व समर्पण वंदनीय है।"
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, "मातृभूमि के स्वाभिमान की रक्षा के लिए सर्वस्व अर्पित करने वाले जनजातीय नायक राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। स्वतंत्रता के लिए पिता-पुत्र का अदम्य साहस देश के गौरवशाली शौर्य इतिहास का अविस्मरणीय अध्याय है।"
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "गोंडवाना साम्राज्य के महान नायक, 1857 की क्रांति के अग्रदूत महाराजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध उन्होंने अपने अदम्य शौर्य और पराक्रम से क्रांति की ज्योति प्रज्वलित की। मातृभूमि के स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।"
राज्य सरकार में ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने लिखा, "गोंडवाना साम्राज्य और आदिवासी समाज के अमर प्रतीक, 1857 की क्रांति के जननायक महाराजा शंकर शाह व कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर उन्हें शत-शत नमन।"
उन्होंने आगे लिखा, "ब्रिटिश हुकूमत के अत्याचारों के विरुद्ध क्रांति का बिगुल फूंककर गोंडवाना की पावन माटी पर मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राण न्योछावर करने वाली इस वीर पिता-पुत्र की जोड़ी का साहस और समर्पण हम सभी के लिए वंदनीय है। मां भारती की सेवा में दिया गया उनका यह अमर बलिदान हमें सदैव 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प के साथ जन-सेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।"
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भी महाराजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह को श्रद्धांजलि दी। कमलनाथ ने कहा कि उनका बलिदान युगों युगों तक हमारी पीढ़ियों को देशप्रेम की प्रेरणा देता रहेगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





