भारत
महाराजा अग्रसेन की जयंती पर ओम बिड़ला समेत कई नेताओं ने दीं शुभकामनाएं
jantaserishta.com
22 Sept 2026 9:34 AM IST

x
नई दिल्ली: लोककल्याण, सेवा, समरसता और सुशासन के महान प्रेरणास्रोत, प्रजापालक महाराजा अग्रसेन की जयंती के अवसर पर नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "लोककल्याण, सेवा, समरसता और सुशासन के महान प्रेरणास्रोत, प्रजापालक महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती पर सभी को शुभकामनाएं। महाराजा श्री अग्रसेन जी का जीवन भारतीय समाज की उस गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है, जिसमें राजधर्म का अर्थ जनकल्याण, न्याय, समानता और समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान की रक्षा करना माना गया है।"
ओम बिड़ला ने आगे लिखा, "उन्होंने अपने आचरण और विचारों से ऐसी सामाजिक व्यवस्था का संदेश दिया, जिसमें सहयोग, सहभागिता, सरोकार और परस्पर विश्वास को विशेष स्थान प्राप्त हो। महाराजा अग्रसेन जी की जीवन-दृष्टि का मूल भाव 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' में निहित है। महाराज अग्रसेन के अनन्य उपासक अग्रवाल समाज उनके आदर्श को अंगीकार कर लोक कल्याण के भाव से अनेक कार्य देशभर में कर रहा है। देश और दुनियाभर में निवास कर रहे अग्र बंधुओं-बहनों को विशेष हार्दिक बधाई व मंगलकामनाएं।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "करुणा, त्याग, सेवा और मानवता के प्रतीक महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए अग्रवाल समाज ने सदैव सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आइए, उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाकर जनसेवा और विकसित हरियाणा के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करें।"
भाजपा नेता संजय भाटिया ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "समता, समरसता व समानता का संदेश देने वाले महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।" हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "महाराजा अग्रसेन जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके आदर्शों में सेवा, समानता और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण की भावना निहित थी, जो आज भी हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। महाराजा अग्रसेन जी ने समाज को ‘एक ईंट, एक रुपया’ जैसी परंपरा के माध्यम से परस्पर सहयोग और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। उनकी यही सोच सामाजिक एकता और सामूहिक प्रगति की मजबूत आधारशिला है।"
भाजपा नेता महेंद्र भट्ट ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "समाज कल्याण, गरीबों के उत्थान और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाले लोकनायक, कर्मयोगी महाराज अग्रसेन जी की जयंती पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"
छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री रामविचार नेतराम ने सोशल मीडिया पर लिखा, "समाजवाद के अग्रदूत महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन एवं समस्त प्रदेश वासियों को ‘अग्रसेन जयंती’ की हार्दिक शुभकामनाएं।"
उत्तराखंड सरकार में मंत्री गणेश जोशी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "सामाजिक समरसता, समानता और जनकल्याण के प्रेरणास्रोत महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन। सहयोग, बंधुत्व और सर्वजन हिताय की भावना पर आधारित उनके आदर्श आज भी एक सशक्त एवं समतामूलक समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उनका प्रेरणादायी जीवन हमें समाज की एकता, परस्पर सहयोग और प्रत्येक व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की दिशा दिखाता रहेगा।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





