भारत

सात फेरे हुए, लेकिन नहीं हुई विदाई! जूता चुराई की रस्म पर बवाल, मामला पहुंचा थाने

SHIDDHANT
21 Nov 2026 8:23 PM IST
सात फेरे हुए, लेकिन नहीं हुई विदाई! जूता चुराई की रस्म पर बवाल, मामला पहुंचा थाने
x
जूता चुराई ने बिगाड़ा माहौल
मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान जूता चुराई की रस्म को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि सात फेरे लेने के बाद भी दुल्हन की विदाई नहीं हो सकी। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद नेक मांगने को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन पक्ष ने विदाई करने से इनकार कर दिया। मामला कोतवाली थाने तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, उज्जैन के राजेंद्र नगर निवासी अनुराग यादव, पिता संतोष यादव, बारात लेकर शाजापुर पहुंचे थे। यहां गैस गोदाम क्षेत्र निवासी कैलाश खेर की बेटी योग्यता के साथ उनका विवाह आयोजित किया गया था। शादी समारोह में सभी धार्मिक रस्में पूरी हुईं और दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे भी लिए। लेकिन इसके बाद जूता चुराई की रस्म के दौरान नेक की रकम को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि जूता चुराई की रस्म में दुल्हन पक्ष की ओर से नेक मांगा गया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच बहस होने लगी। विवाद बढ़ने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और दुल्हन पक्ष ने बेटी को विदा करने से मना कर दिया। इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोग कोतवाली थाने पहुंचे और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। दूसरी ओर दूल्हे पक्ष ने भी पुलिस के सामने अपनी शिकायत रखी। दूल्हे के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनका आवेदन तो स्वीकार कर लिया, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की।
दूल्हे पक्ष ने आरोप लगाया कि दुल्हन के अंकल सुनील पेंटर शाजापुर से भाजपा पार्षद हैं और उनके राजनीतिक प्रभाव के कारण पुलिस उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दूल्हे के परिजनों का कहना है कि वे अभी भी दुल्हन को अपने साथ ले जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि उनके यहां शादी के बाद रिसेप्शन का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें हजारों लोगों को निमंत्रण दिया जा चुका है। इसके बावजूद दुल्हन पक्ष विदाई के लिए राजी नहीं है। फिलहाल कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी। जूता चुराई जैसी पारंपरिक रस्म के कारण विदाई रुकने का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Next Story