भारत
मां से बिछड़ने की नौबत आई, फिर वन विभाग ने ऐसे बचाई गड्ढे में फंसे नन्हे हाथी की जान
jantaserishta.com
28 Nov 2026 2:12 PM IST

x
परिवार में लौटा नन्हा शावक.
सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा में हाथी के एक नन्हे शावक की जान बचाने के लिए वन विभाग की टीम को करीब तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी. करीब 10 से 12 दिन का यह बच्चा अचानक एक गड्ढे में गिर गया था. मुश्किल यह थी कि उसके आसपास ही 17 हाथियों का झुंड मौजूद था. टीम के सामने एक तरफ बच्चे को सुरक्षित निकालने की चुनौती थी, तो दूसरी तरफ झुंड के हाथियों से खुद को बचाने की भी. आखिरकार सावधानी से चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में शावक को बाहर निकाल लिया गया और उसे वापस उसके झुंड में पहुंचा दिया गया.
घटना छत्तीसगढ़ के सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र की है. यहां कुछ समय से 17 हाथियों का एक झुंड घूम रहा है. इसी में यह नन्हा शावक भी था. जो एक गड्ढे में फंस गया था. उसके गड्ढे में फंसने की जानकारी वन विभाग को मिली तो टीम मौके पर पहुंची. लेकिन वहां पहुंचते ही टीम के सामने एक बड़ी परेशानी खड़ी हो गई. शावक अकेला नहीं था. उसके आसपास हाथियों का पूरा झुंड मौजूद था. हाथी अपने बच्चे के पास ही थे. ऐसे में सीधे गड्ढे तक पहुंचना जोखिम भरा हो सकता था.
वन विभाग की टीम के सामने दो चुनौतियां थीं. पहली, नन्हे शावक को जल्द से जल्द गड्ढे से बाहर निकालना. दूसरी, इस दौरान हाथियों के झुंड को अपने लिए खतरा बनने से रोकना. हाथी अपने बच्चों को लेकर बेहद संवेदनशील होते हैं. ऐसे में झुंड के बीच जाकर रेस्क्यू करना आसान नहीं था. किसी भी तरह की जल्दबाजी से स्थिति बिगड़ सकती थी. इसलिए टीम ने पहले हाथियों के झुंड को शावक से सुरक्षित दूरी पर करने की कोशिश की.
वन विभाग की टीम ने सावधानी के साथ झुंड को दूर किया. इसके बाद गड्ढे में फंसे बच्चे को बाहर निकालने का काम शुरू हुआ. टीम लगातार कोशिश करती रही. करीब तीन घंटे तक चले इस ऑपरेशन के बाद आखिरकार शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल रेंजर फेकू प्रसाद चौबे ने बताया कि हाथियों के दल का एक छोटा शावक अचानक गड्ढे में गिरकर फंस गया था. सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची. हाथियों के झुंड को पहले सुरक्षित दूरी पर किया गया और फिर शावक को बाहर निकालने की कोशिश की गई. करीब तीन घंटे की बाद टीम को सफलता मिली.
रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें वन विभाग की टीम के द्वारा किया गया रेस्क्यू देखा जा सकता है. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद ऑपरेशन पूरा हुआ. शावक सुरक्षित बाहर आया और अपने झुंड में लौट गया. सरगुजा जिले के उदयपुर इलाके में 17 हाथियों का झुंड मौजूद है. इसमें छोटे शावक भी शामिल हैं. हाथियों की मौजूदगी वाले इलाकों में वन विभाग को लगातार सतर्क रहना पड़ता है. फिलहाल इस घटना में गड्ढे में फंसे नन्हे शावक को तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





