भारत

सेली गांव में सनसनीखेज वारदात, इलाज के दौरान पिता की मौत

Shantanu Roy
23 Jun 2026 5:16 PM IST
सेली गांव में सनसनीखेज वारदात, इलाज के दौरान पिता की मौत
x
जांच में जुटी पुलिस
Almora. अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दन्या थाना क्षेत्र के सेली गांव में एक व्यक्ति की कथित तौर पर उसकी बेटी और दामाद ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पहले व्यक्ति के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, उसके हाथ-पैर तोड़े गए और फिर दराती से सिर पर कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि आरोपी बेटी और दामाद फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चंद्रशेखर पांडे पुत्र नारायण दत्त पांडे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चंद्रशेखर पांडे ने करीब दो महीने पहले अपनी बड़ी बेटी की शादी हरियाणा में रहने वाले युवक धर्मवीर से कराई थी। 20 जून को बेटी जानकी और उसका पति धर्मवीर गांव पहुंचे थे। इसी दौरान परिवार के भीतर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद बेटी और दामाद ने मिलकर चंद्रशेखर पांडे पर हमला कर दिया। दोनों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी उन्हें घर में उनकी आठ वर्षीय बेटी के साथ छोड़कर मौके से फरार हो गए। काफी देर बाद जब परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और घायल चंद्रशेखर को अस्पताल पहुंचाया।
घायल अवस्था में उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के दौरान पाया कि उनके हाथ और पैरों की हड्डियां टूट चुकी थीं। शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान मौजूद थे और सिर पर भी गहरी चोट लगी थी। हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों की प्रारंभिक रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर करीब 15 गंभीर चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई है। हाथ-पैर में फ्रैक्चर, सिर पर गहरी चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
मामले की जांच के दौरान हत्या के पीछे की कथित वजह भी सामने आई है। मृतक के पिता नारायण दत्त पांडे ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि चंद्रशेखर पांडे शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी खष्टी देवी के साथ मारपीट करते थे। घरेलू हिंसा और लगातार विवादों से परेशान होकर पत्नी ने अपनी बेटी जानकी और दामाद धर्मवीर को इस बारे में जानकारी दी थी। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी, बेटी और दामाद ने मिलकर चंद्रशेखर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि 20 जून की रात जब चंद्रशेखर घर में सो रहे थे, तब तीनों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने घर में रखी भारी दराती (पाटल) का इस्तेमाल करते हुए चंद्रशेखर के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। हमले की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दन्या थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पत्नी खष्टी देवी, बेटी जानकी और दामाद धर्मवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल बेटी और दामाद फरार हैं, जबकि पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद और हत्या की साजिश से जुड़े सभी बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में विवाद की बातें पहले भी सामने आती थीं, लेकिन किसी ने यह कल्पना नहीं की थी कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा। फिलहाल गांव में शोक और भय का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Next Story