भारत
बंद कमरे में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
Shantanu Roy
16 May 2026 4:30 PM IST

x
बड़ी खबर
Satna. सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर (अशोक विहार कॉलोनी) में एक बंद कमरे से एक युवक और युवती के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि जांच अभी जारी है। मृतकों की पहचान 29 वर्षीय पूनम अहिरवार निवासी अनूपपुर और 30 वर्षीय अंबिकेश गौतम निवासी रीवा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवती का शव कमरे के अंदर जमीन पर लहूलुहान हालत में मिला, जबकि युवक का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले युवक ने युवती की धारदार हथियार से हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना उस समय सामने आई जब युवक के छोटे भाई अंकितेश ने कमरे का ताला बंद पाया। वह पिछले तीन वर्षों से उसी कमरे में किराए पर रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। नौकरी लगने के बाद उसका भाई अंबिकेश भी उसके साथ रहने लगा था। शुक्रवार शाम जब अंकितेश कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा बाहर से बंद था। रात में दोबारा लौटने पर भी दरवाजा नहीं खुला और फोन भी रिसीव नहीं हुआ, जिसके बाद उसने शक होने पर ताला तोड़ा। अंदर दोनों के शव देखकर उसने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पड़ोस में रहने वाले एक बैंक कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात करीब 10:30 बजे अंबिकेश एक युवती को अपने साथ कमरे में लेकर आया था। इसके बाद दोनों कमरे के अंदर चले गए और फिर बाहर नहीं निकले। पुलिस को शक है कि देर रात किसी विवाद के चलते यह वारदात हुई होगी। घटनास्थल पर सीएसपी डीपी सिंह चौहान और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। हालांकि हत्या में इस्तेमाल हथियार अभी तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस ने कमरे की गहन जांच की और फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। तलाशी के दौरान पुलिस को युवती के पास से अनूपपुर से इंदौर जाने का रेल टिकट मिला है। जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इंदौर जाने के बजाय सतना कैसे और क्यों पहुंची। दोनों के बीच क्या संबंध था और वे कब और कैसे मिले, इसकी भी जांच की जा रही है। मकान मालिक ने बताया कि कमरे की खिड़की में ग्रिल नहीं लगी थी, जिससे किसी के भी आने-जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है। सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और उनकी कॉल डिटेल, चैट और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि डिजिटल साक्ष्य इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाएंगे। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।
Tagsसतनासिद्धार्थ नगरअशोक विहार कॉलोनीकोलगवां थानायुवक-युवती शवहत्या और आत्महत्यापूनम अहिरवारअंबिकेश गौतमरीवाअनूपपुरइंजीनियरिंग छात्रसीएनजी प्लांट कर्मचारीबंद कमराफॉरेंसिक जांचसीएसपी डीपी सिंह चौहानमोबाइल जब्तकॉल डिटेल जांचरेल टिकटसतना घटनासंदिग्ध मौतप्रेम प्रसंगपोस्टमार्टमपुलिस जांचSatnaSiddharth NagarAshok Vihar ColonyKolgawan police stationdead bodies of young man and womanmurder and suicidePoonam AhirwarAmbikesh GautamRewaAnuppurengineering studentCNG plant employeeclosed roomforensic investigationCSP DP Singh Chauhanmobile seizedcall detail investigationrailway ticketSatna incidentsuspicious deathlove affairpost-mortempolice investigation
Next Story





