भारत

6 लोगों की नाक कटने के बाद सनसनी, DM तक पहुंचा मामला

jantaserishta.com
1 Nov 2025 10:40 AM IST
6 लोगों की नाक कटने के बाद सनसनी, DM तक पहुंचा मामला
x
पढ़ें पूरी खबर.
कानपुर: यूपी में कानपुर के गांव में इन दिनों दहशत का नाम कोई जंगली जानवर या चोर गिरोह नहीं, बल्कि एक इंसान है, जिसे लोग ‘नाककटवा’ कहते हैं. गांव में जब भी किसी विवाद या झगड़े की नौबत आती है, यह शख्स सामने वाले की नाक या उंगली दांतों से काट लेने पर उतारू हो जाता है. अब तक आधा दर्जन से ज्यादा लोग उसकी इस हरकत का शिकार हो चुके हैं. यह कहानी जितनी अजीब लगती है, उतनी ही सिहरन पैदा करने वाली भी है.
कहानी किसी अफवाह की नहीं, बल्कि एक ऐसे आदमी की है, जिसका नाम है अलवर. गांव वालों का कहना है कि अगर उससे किसी का विवाद हो जाए, मामूली कहासुनी भी हो, तो वह सीधे चेहरे पर टूट पड़ता है… और सामने वाले की नाक काट लेता है.
पीड़ित दिवारी लाल और उनके भाई अवधेश शिकायत लेकर कानपुर डीएम दफ्तर पहुंचे. चेहरे पर पट्टी, आंखों में गुस्से के साथ डर... दिवारी लाल ने कहा कि साहब, वो (अलवर) नशे में धुत होकर लड़ाई झगड़ा करता है और सीधा नाक पर हमला करता है. मेरी भी नाक काट ली, भाई की भी. कुल्हाड़ी से भी हमला किया. दो साल में वो पांच-छह लोगों की नाक काट चुका है.
उनके साथ ही खड़े थे उमेश, जिनकी कहानी दो साल पुरानी है. उन्होंने कहा कि मैंने भी केस किया था उसके खिलाफ. उसने मेरी नाक और उंगली काटी थी. जेल भी गया था… पर बाहर आते ही फिर वही शुरू कर दिया.
गांव वालों के मुताबिक, लोग अलवर से बात करने से भी डरते हैं. खेत में काम हो या कोई दूसरा रास्ता - अगर सामने से वो आता दिख जाए, तो कई लोग रास्ता बदल लेते हैं. गांव की महिलाएं कहती हैं कि बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजते… कहीं कुछ हो गया तो? नाककटवा कोई प्रेत या रहस्यमयी साया नहीं… बल्कि एक इंसान है, जो हिंसा को हथियार की तरह इस्तेमाल करता है.
इस सनसनीखेज मामले को लेकर जब पीड़ित डीएम से मिले तो उन्होंने जांच का भरोसा दिया. वहीं क्षेत्र के एसीपी अमरनाथ यादव ने कहा कि 19 अक्टूबर को दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी. दोनों की मेडिकल कराई गई और 151 की कार्रवाई हुई. नाक काटने की बात मेडिकल रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं है. लड़ाई में चोट हो सकती है.
इस बयान के बाद कई सवाल खड़े होते हैं. क्या सच में किसी की नाक काटी गई या सिर्फ चोट आई? आधा दर्जन लोग क्यों लगातार एक ही व्यक्ति पर आरोप लगा रहे हैं? लोग कहते हैं कि हम न बाघ से डरते, न भेड़िए से… पर इस इंसान से डरते हैं, जो इंसान का मांस तक चबा लेता है. क्या यह सिर्फ मारपीट का मामला है? या वाकई गांव में एक ऐसा व्यक्ति घूम रहा है, जो गुस्से में आकर नाक काटने से भी पीछे नहीं हटता?
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story